अमरोहा : ठगबंधन को जनता ने नकारा, 2024 में फिर बनेगी भाजपा की सरकार-केशव प्रसाद मौर्य
हर चुनाव में भाजपा ही जीतेगी, कोई गठबंधन रोक नहीं सकता
पार्टी कार्यालय पर बैठक को संबोधित करते उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य।
अमरोहा। विपक्षी दल के जिन लोगों ने मिलकर गठबंधन बनाया है, वह गठबंधन नहीं, ठगबंधन है। उसे जनता ने नकार दिया है। 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा उत्तर प्रदेश से सभी 80 सीटों पर जीत दर्ज करेगी और तीसरी बार केंद्र में हमारी सरकार बनेगी। इतना ही नहीं 2027 में कोई गठबंधन भाजपा को नहीं हरा सकता। बल्कि, जब तक चुनाव होंगे, तब तक भाजपा का कमल खिलता रहेगा। यह बात अमरोहा पहुंचे प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कही।
रविवार को उप मुख्यमंत्री डिडौली में बनने वाले गेस्ट हाउस का शिलान्यास करने पहुंचे थे। उप मुख्यमंत्री का हेलिकॉप्टर जोया रोड स्थित नई पुलिस लाइन के मैदान में तय समय से एक घंटा देरी से पहुंचा। इसके बाद वह भाजपा कार्यालय पहुंचे, यहां संगठन को चुस्त-दुरुस्त करने के लिए पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। उन्होंने अमरोहा लोकसभा क्षेत्र में चुनाव की बिसात बिछाई। पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं से संवाद कर अनुशासन का पाठ पढ़ाते हुए लोक सभा चुनाव जीतने का मंत्र दिया।
उन्होंने सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की चर्चा की। किसानों से लेकर गरीबों, दिव्यांगों, वृद्धजनों और उद्यमियों को भी साधा। कहा कि गन्ना किसानों का भला करना सरकार की प्राथमिकता है। सरकार ने महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण दिया है। भाजपा की सरकार हर कीमत पर महिलाओं की सुरक्षा के प्रति संकल्पित है। गुंडे-माफिया जेल में डाले जा रहे हैं। अमरोहा व प्रदेश के अन्य जिलों में अब कोई पलायन नहीं करता, बल्कि गुंडे और माफिया पलायन कर रहे हैं। विकास की सुगंध प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंच रही है। कहा कि बिजली का बिल आएगा, लेकिन उसे सरकार जमा करेगी। जब तक चुनाव होंगे, भाजपा ही जीत हासिल करेगी।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विश्व के सबसे लोकप्रिय नेता हैं। हम सब जब उन्हें सुनते हैं तो ऊर्जा का संचार हो जाता है। नया लक्ष्य दिखाई देता है। 2014 में प्रदेश में सपा की सरकार थी। उस समय गुंडाराज हुआ करता था। इसका ही असर था कि कार्यकर्ताओं ने 40 विधायकों वाली भाजपा को 350 वाली पार्टी बनाया और 2017 में अभूतपूर्व जीत दिलाई। 2022 में सभी विपक्षी दल एक हो गए, फिर भी उन्हें हराया। सपा-बसपा और कांग्रेस के शासनकाल में यूपी कैसा था। वारदात ही वारदात होती थी। लूट, हत्या, डकैती की घटनाओं से प्रदेश घबराया रहता था। उनकी सरकार में दलाल सक्रिय रहते थे। योजनाओं के 100 रुपये में से 75 रुपये खा जाते थे। सड़कों के टेंडर होते थे, लेकिन बनती नहीं थी। अब सब कुछ सकुशल है। हमारी सरकार गरीबों को छेड़ती नहीं, माफिया को छोड़ती नहीं।
उन्होंने कहा मैं 2024 के लोकसभा चुनाव का लक्ष्य लेकर आया हूं। मुझे 25 जिले दिए गए हैं। इसमें अमरोहा भी शामिल है। इस बार सभी 80 सीटें जीतनी हैं। इस दौरान डिप्टी सीएम ने कार्यकर्ताओं की समस्याएं भी सुनीं। एक कार्यकर्ता की मांग पर डिप्टी सीएम ने तिगरी में पक्के गंगा घाट बनाने की घोषणा की। कहा कि हम 2024 के लोकसभा चुनाव में यूपी की 80 लोकसभा सीटों पर जीत दर्ज कर विजय रथ को आगे बढ़ाएंगे। कोई गठबंधन भाजपा को नहीं हरा सकता। दावा किया कि 2024 व 2047 के अलावा जब तक चुनाव होंगे उसमें भाजपा ही जीत हासिल करती रहेगी।
ये भी पढ़ें : अमरोहा: हिस्ट्रीशीटर को गोली मारने वाला मुठभेड़ में गिरफ्तार, साथी फरार
