Kanpur: ओवरटेक करने को लेकर विवाद… भाजपा पार्षद और समर्थकों ने व्यापारी को किया मरणासन्न, दबाब के कारण पुलिस दिखी बेबस

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर में भाजपा पार्षद और समर्थकों ने व्यापारी को किया मरणासन्न।

कानपुर के रायपुरवा थानाक्षेत्र में ओवरटेक करने को लेकर हुए विवाद में भाजपा पार्षद और समर्थकों ने व्यापारी को मरणासन्न कर दिया। पुलिस ने अभी तक रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।

कानपुर, अमृत विचार। शनिवार देर रात रायपुरवा थानाक्षेत्र में कार को ओवरटेक करने के विवाद में दो पक्षों के बीच सड़क पर मारपीट हो गई। घटना में एक पक्ष से मेडिकल स्टोर संचालक मरणासन्न हो गए। उन्हें एयर एंबुलेंस से दिल्ली ले जाया गया। वहीं दूसरे पक्ष से भाजपा महिला पार्षद व उनके समर्थकों को चोटें आई हैं। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों से घायलों को मेडिकल के लिए भेजा। पुलिस ने अभी तक रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।

रायपुरवा थाना प्रभारी अमान सिंह ने बताया कि श्यामनगर के रहने वाले 50 वर्षीय सरदार अमोल दीप सिंह भाटिया का हैलट अस्पताल के सामने मेडिकल स्टोर है। देर रात मेडिकल स्टोर बंद होने के बाद वह अपनी पत्नी गुनीत के साथ थार जीप से अपने घर लौट रहे थे। बताया कि जीटी रोड पर अफीम कोठी के पास पीछे से कार में अपने समर्थकों के साथ आ रही महिला पार्षद के ड्राइवर ने हॉर्न बजाकर साइड मांगी।

साइड न मिलने पर ओवरटेक किया तभी दोनों वाहनों के आपस में छू जाने को लेकर दोनों पक्षों में विवाद शुरू हो गया। महिला पार्षद, उनके समर्थकों और अमोलदीप, उनकी पत्नी के बीच मारपीट शुरू हो गई। पार्षद पक्ष के लोगों के भारी पड़ने पर उन्होंने अमोलदीप को इस कदर पीटा कि उनकी आंख और सिर पर गंभीर चोटें आने से वह लहूलुहान होकर वहीं बेहोश हो गए।

घटना के बाद तमाशबीनों की भीड़ लग गई। मारपीट के दौरान सरदार अमोल सिंह की पगड़ी भी वहीं गिर गई। बाद में परिजन उन्हें नाजुक हालत में रीजेंसी ले गए जहां से एम्स दिल्ली के लिए रेफर कर दिया गया। परिजन एयर एंबुलेंस से उन्हें एम्स ले गए। जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। वहीं, पार्षद पक्ष से भी समर्थक चुटहिल हुए हैं। थाना प्रभारी के अनुसार ओवरटेक को लेकर दोनों पक्षों में मारपीट हुई थी। अमोल को ज्यादा चोटें आई हैं। दोनों पक्षों से तहरीर दी गई है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी। 

भाजपा पार्षद के दबाव के आगे पुलिस बेबस

मारपीट में व्यापारी अमोलदीप मरणासन्न हो गए। इसके बाद भी पुलिस ने महिला पार्षद और उनके समर्थकों के खिलाफ घंटों बीत जाने के बाद भी रिपोर्ट दर्ज नहीं की। पुलिस सूत्रों ने बताया कि रात भर दोनों पक्षों के लोग थाने में एक दूसरे पर आरोप प्रत्योप लगाकर हंगामा करते रहे।

पुलिस के पास पार्षद की ओर से माननीय और पुलिस अफसरों के फोन पहुंचने लगे। यही कारण हैं कि घटना के घंटों बीतने के बाद भी पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। अमोलदीप के परिजनों का आरोप था कि उन लोगो ने तहरीर दे दी है। लेकिन अभी तक एफआईआर दर्ज नहीं की गई। वे लोग उच्चाधिकारियों से शिकायत करेंगे।

संबंधित समाचार