कानपुरवासियों के लिए अच्छी खबर, टूटी सड़कों का पैचवर्क का काम दो दिन बाद होगा शुरू, इन सड़क की होगी मरम्मत
कानपुर में 1037 किमी लंबी 544 सड़कों पर पैचवर्क का काम दो दिन बाद शुरू होगा।
कानपुर में 1037 किमी लंबी 544 सड़कों पर पैचवर्क का काम दो दिन बाद शुरू होगा। पीडब्ल्यूडी के मुख्य अभियंता ने अधिकारियों को निर्देश दिए।
कानपुर, अमृत विचार। पीडब्ल्यूडी मंत्री जितिन प्रसाद द्वारा मुख्य अभियंता को जनता के सामने पेश कर सड़कें जल्द सुधारने का वादा लिए जाने का असर हुआ है। रविवार को अवकाश होने के बावजूद मुख्य अभियंता ने अधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक कर दो दिन के भीतर सड़कों पर पैचवर्क शुरू कराने के लिए निर्देश दिए।
बरसात में शहर की अधिकांश सड़कें जलभराव में बह गई हैं या टूट चुकी हैं। कई मार्ग तो तालाब के रूप में तब्दील हो चुके हैं। पीडब्ल्यूडी ने ऐसी सड़कों की मरम्मत के लिए मानसून के दौरान ही सर्वे करा लिया था। सर्वे रिपोर्ट के अनुसार शहर से लेकर गांव तक 544 सड़कों पर 876.55 लाख से पैचवर्क कार्य कराना तय हुआ है। शासन से पैचवर्क की पहली किस्त 108.83 लाख रुपये पीडब्ल्यूडी को मिल चुकी है।
शनिवार को पीडब्ल्यूडी मंत्री जितिन प्रसाद ने कानपुर दौरे में खस्ताहाल सड़कों का मामला गंभीरता से लिया था। मंत्री ने पीडब्ल्यूडी मुख्य अभियंता संजीव भारद्वाज को मंच पर बुलाकर जनता के सामने पैचवर्क कराने की जानकारी ली थी।
पीडब्ल्यूडी मंत्री ने शहर से लेकर गांव तक की खराब सड़कें जल्द दुरुस्त करने के आदेश दिए थे। इसी के बाद रविवार को मुख्य अभियंता ने सभी अधिशासी अभियंताओं व अन्य अधिकारियों को वर्चुअल बैठक में निर्देशित किया कि दो दिन में सड़कों पर पैचवर्क शुरू करा दें।
इन सड़कों की होगी मरम्मत
- दीप टाकीज से गौशाला रोड होते तारबंगलिया रोड से 250 फीट दुकान -चावला मार्केट चौराहे से परमपुरवा होते हमीरपुर रोड - चिड़ियाघर चौराहे से कर्बला संपर्क मार्ग - बजरिया लकड़मंडी से परेड चौराहा - एमजी कॉलेज से चेतना चौराहे व डीएवी तिराहे तक - राम गोपाल चौराहे से आनंद साउथ सिटी मार्ग -राम गोपाल चौराहे से वरूण विहार मार्ग -कल्याणपुर बिठूर मार्ग -छपेड़ा पुलिया से दलहन अनुसंधान मार्ग -कल्याणपुर पनकी रोड से टूटी पुलिया - पनकी मंदिर से गंगागंज होते पुराना मार्ग -भौंती से पीओएल डिपो भारत पेट्रोलियम मार्ग -मंधना बिठूर मार्ग -कल्याणपुर से पुराना शिवली मार्ग -मंधना, टिकरा, हेतपुर होते भाऊपुर रेलवे स्टेशन मार्ग -मंधना, गंगाबैराज, शुक्लागंज मार्ग -जाजमऊ नई चुंगी से एसटीपी मार्ग -आवास विकास-3 से प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड तक -गुरुदेव चिड़ियाघर मार्ग से अवधपुरी मार्ग -चकेरी से कुढ़गांव मार्ग -रमईपुर से जामू मार्ग -आवास विकास-3 कल्याणपुर से मंगलामूर्ति गेस्ट हाउस तथा पनकी मंदिर मुख्य मार्ग।
