Kanpur News: गृहकर के बड़े बकाएदारों के नाम लिख नगर निगम ने होर्डिंग लगाई, अब होगी भवन सील करने की कार्रवाई
कानपुर नगर निगम ने गृहकर के बड़े बकाएदारों के नाम लिखकर होर्डिंग लगाई।
कानपुर नगर निगम ने गृहकर के बड़े बकाएदारों के नाम लिखकर होर्डिंग लगाई। अधिकारियों ने बताया कि कई नोटिस देने के बाद भी जमा नहीं किया। इसलिए अब भवन सील करने की कार्रवाई होगी।
कानपुर, अमृत विचार। शहर में गृहकर जमा नहीं करने वाले बड़े बकाएदारों के नाम वाली होर्डिंग नगर निगम ने लगानी शुरू कर दी है। जोन-दो में टॉप टेन बकाएदारों की होर्डिंग जोनल ऑफिस के बाहर लगाई गई है। इसमें बकाएदार का नाम, पता और कितना गृहकर बकाया है, यह जानकारी दी गई है। नगर निगम सभी छह जोन में टॉप टेन बकाएदारों के नाम वाली होर्डिंग जोनल ऑफिस व क्षेत्र के प्रमुख स्थानों पर लगाएगा।
अपर नगर आयुक्त प्रतिपाल सिंह चौहान ने बताया कि सभी जोन में पहले टॉप टेन बकाएदारों को लिस्ट तैयार हो रही है, इसके बाद टॉप 25 तक को इसमें शामिल किया जाएगा। टॉप टेन बकाएदारों के नाम पता व बकाया टैक्स की रकम के साथ पूरी जानकारी होर्डिंग में दी जाएगी।
इन्हें जोनल ऑफिस व क्षेत्र में लगाया जाएगा। शुरूआत जोन दो से कर दी गई है। टॉप 25 लिस्ट में निजी और सरकारी संस्थानों के साथ सामान्य भवनों के बकाएदारों को शामिल किया जाएगा।
अब होगी भवन सील करने की कार्रवाई
अपर नगर आयुक्त ने बताया कि जिन टॉप टेन बकाएदारों ने वर्षों से नगर निगम में गृहकर जमा नहीं किया है और उस पर ब्याज जुड़कर बकाया राशि लाखों रुपये हो चुकी है। उनको कई नोटिस दी गई हैं, लेकिन फिर भी कर जमा नहीं किया है। अगर ऐसे लोगों ने अभ भी बकाया कर जमा नहीं किया तो भवन को सील करने की कार्रवाई की जाएगी।
जोन दो के टॉप टेन बकाएदार
वार्ड-क्षेत्र भवन मालिक का नाम बकाया राशि (रुपये)
70-तिवारीपुर नौशाद, ईरशाद 49,60,115
70-तिवारीपुर मेहताब आलम 30,49,867
86-जाजमऊ वाहिद, अमीन खान 25,81,823
86-जाजमऊ रबर फैक्ट्री 18,98,953
44-ओमपुरवा विनीता गुप्ता 18,97,165
37-हरजेंद्रर नगर सुनीता वर्मा 13,26,083
44-ओमपुरवा शमीम व नईम 10,57,200
48-पशुपति नगर कुसुमा देवी यादव 8,77,775
10-चकेरी इशरत जहां अंसारी 6,43,241
66-जाजमऊ मो.अयूब, याकूब 6,28,264
जोन दो में टॉप टेन बकायेदारों की लिस्ट तैयार कर जोनल कार्यालय के बाहर होर्डिंग लगाई है। सभी जोन में बड़े बकाएदारों पर कार्रवाई होगी।- अनिरूद्ध सिंह, कर निर्धारण अधिकारी।
