Kanpur Farmer Suicide Case: किसान आत्महत्या मामले में दूसरा फरार इनामिया गिरफ्तार, भाजपा नेता अभी भी फरार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर में किसान आत्महत्या मामले में दूसरा फरार इनामिया गिरफ्तार।

कानपुर में किसान आत्महत्या मामले में दूसरा फरार इनामिया गिरफ्तार हुआ। पुलिस ने दो दिन पहले ही घोषित 50 हजार का इनाम किया था।

कानपुर, अमृत विचार। चकेरी गांव के रहने वाले किसान बाबू सिंह यादव की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने मंगलवार को दूसरे आरोपी यशोदानगर निवासी मधुर पांडेय उर्फ चीकू को अलीगढ़ से गिरफ्तार कर लिया। उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। एफआईआर दर्ज होने के बाद से वह लगातार फरार चल रहा था। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया। जहां उसे उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।  

बाबू सिंह यादव ने 17 दिन पहले मुख्यमंत्री के नाम सुसाइड नोट लिखकर ट्रेन से कटकर जान दे दी थी। मामले में भाजपा नेता डॉ. प्रियरंजन अंशु दिवाकर समेत छह लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हुई थी। इस प्रकरण में पुलिस राहुल जैन को गिरफ्तार कर भेज दिया था। जबकि बीजेपी नेता समेत फरार अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही थी।

संयुक्त पुलिस आयुक्त आनंद प्रकाश तिवारी ने बताया कि फरार आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस ने सर्विलांस की मदद से मधुर पांडेय को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। पूछताछ में मुधर ने बताया कि उसका बीजेपी नेता डॉ प्रियरंजन अंशु दिवाकर काफी पुराना संबंध था। उन्होंने ही सस्ते दाम में जमीन दिलाने की लालच दी थी। जिसके बाद उसने जमीन की रजिस्ट्री कराने के बाद दाखिल खारिज करा ली थी।

10 बीघा जमीन में से 0.1025 हेक्टेयर जमीन रजिस्ट्री कराई थी

आरोपी ने बताया कि बीते 18 मार्च 2023 को मधुर ने बाबू सिंह यादव से ग्राम अहिरवां स्थित उनकी 10 बीघा जमीन में से 0.1025 हेक्टेयर जमीन अपने नाम से रजिस्ट्री कराई थी। जिसकी सरकारी कीमत 33.98 लाख रुपये बताई गई लेकिन बाबू सिंह को रुपयों की जरूरत का हवाला देते हुए यह जमीन केवल उसने सात लाख रुपये में ही खरीद ली थी। जिसमें से 6.85 लाख रुपये उसने बाबू सिंह को दो चेकों के जरिए दिए थे। इसमें एक चेक पांच लाख और दूसरा चेक 1.85 लाख का था। इस मामले में मधुर पांडेय के खिलाफ स्टांप चोरी की मुकदमा भी दर्ज हुआ है।

10 बीघा जमीन की दो रजिस्ट्रियां कराई गईं

बाबू सिंह से ग्राम अहिरवां स्थित उनकी 10 बीघा जमीन की दो रजिस्ट्रियां कराई गई थीं। इसमें पहली रजिस्ट्री मुधर पांडेय ने कराई थी। जबकि दूसरी रजिस्ट्री नोएडा के बी 92 सेक्टर 31 निवासी राहुल जैन ने 1.121 हेक्टेयर जमीन कराई थी। जिसका सौदा 25 लाख रुपये में हुआ। राहुल जैन की तरफ से एक्सिस बैंक नोएडा ब्रांच के दो चेक दिए गए थे। जिसमें एक 20 लाख और दूसरा पांच लाख रुपये के थे। जो रजिस्ट्री के बाद छीन लिए गए थे। जिसमें से सिर्फ सात लाख रुपये देकर आरोपियों ने जमीन हड़प ली थी।

भाजपा नेता पुलिस की पकड़ से दूर

संयुक्त पुलिस आयुक्त ने बताया कि पुलिस भाजपा नेता व उसके साथियों की तलाश में मैनपुरी, कानपुर, जबलपुर, इंदौर, दिल्ली और लखनऊ में लगातार दबिश दे रही है। इस बीच मंगलवार देर रात अंशु दिवाकर की पत्नी ने एक 14 सेकेंड का वीडियो सोशल मीडिया पर जारी किया है। जिसमें उसने अपने पति को आत्मसमर्पण करने की अपील की है। उसने कहा कि आशु तुम जहां भी हो वापस आ जाओ..पूरा परिवार बच्चे मम्मी पापा बहुत परेशान है। तुम गलत नहीं हो पुलिस और कानून तुम्हारी मदद करेगी।

एक और गिरफ्तारी होने पर भावुक हुईं बेटियां, आरोपियों को जेल भिजवाकर दम लेंगी

आत्महत्या मामले में मंगलवार को एक और गिरफ्तारी होने पर किसान की बेटियां पिता को भावुक होकर याद किया। न्याय संघर्ष समिति के संयोजक अभिमन्यु गुप्ता और सपा नेता फतेह बहादुर गिल ने दिवगंत बाबू सिंह की बेटियों के साथ हाईकोर्ट में प्रियरंजन अंशु की एफआईआर क्वाश की याचिका को विरोध करने की तैयारी की। अभिमन्यु गुप्ता और फतेहबहादुर ने उच्च न्यायालय में परिवार के लिए वकील खड़ा करवाया और परिजनों को औपचारिकताएं पूरी करने के लिए प्रयागराज भेजा।

अभिमन्यु ने जानकारी दी की बहुत जल्द सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव परिवार से मिलने कानपुर आने वाले हैं। वो इस मामले में एक एक पल की रिपोर्ट ले रहे हैं। बेटी रूबी और काजल ने कहा की जब तक प्रियरंजन और शिवम चौहान गिरफ्तार नहीं होते तब तक वह लोग चैन से बैठेंगी। बेटियों ने कहा की जमीन के लालच में अनाथ बनाने वाले को जेल भिजवा के रहेंगी। पत्नी बिट्टन ने कहा की वो अंत तक न्याय के लिए संघर्ष करेंगी। कहा कि उन्हें पूरा भरोसा है की कानपुर पुलिस पूरी मजबूती से अपना पक्ष रखेगी। अभिमन्यु ने कहा की आरोपियों की गिरफ्तार करवा कर बेटियों को जमीन हर कीमत में वापस दिलवाई जाएगी।

संबंधित समाचार