Farrukhabad Fire: घनी आबादी में आग… पेंट की दुकान का लाखों का सामान जलकर खाक, तीन घंटे मची रही अफरा-तफरी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

फर्रुखाबाद में पेंट की दुकान में भीषण आग लग गई।

फर्रुखाबाद में घनी आबादी के बीच पेंट की दुकान में भीषण आग लग गई। आग लगने से नकदी समेत लाखों का सामान जलकर खाक हो गई।

फर्रुखाबाद, अमृत विचार। पृथ्वी दरवाजा सेंट्रल बैंक के सामने घनी आबादी में पेंट की दुकान में भीषण आग लग गई। इससे नकदी समेत लाखों का पेंट का सामान जल गया। घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस प्रशासन और नागिरकों के सहयोग से आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू हुए। बाद में दमकल की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया जा सका। 

नगर के मोहल्ला पृथ्वी दरवाजा निवासी जयसिंह गंगवार की जनता पेंट के नाम से सेंट्रल बैंक आफ इंडिया ठीक सामने  दुकान है। मंगलवार की रात उन्होंने रोज की भांति दुकान बंद की और अपने घर चले गए। देर रात करीब 11 बजे उनके दुकान के पड़ोसी अपने घर के बाहर कुछ लोगों के साथ बैठे थे।

अचानक उनकी नजर पेंट की दुकान पर पड़ी, जिसमें से धुंआ उठ रहा था। उन्होंने तुरन्त दुकान मालिक जयसिंह को जानकारी दी। वह मौके पर पहुंचे और जैसे ही दुकान का शटर खोला तो अंदर आग का गोला बनकर बाहर निकला। दुकान धू धू कर जल रही थी। शोरशराबा सुनकर आसपास के लोग दौडे। कोई बाल्टी से पानी लाने लगा, किसी ने समरसिबल चलाकर पानी डाला।

आग की सूचना कोतवाली पुलिस, फायर विग्रेड, नगर पालिका प्रशासन को दी गई। पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची। नगर पालिका से दो पानी से भरे टैंकर पहुंचे। सभी ने मिलकर पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया। आग इतनी विकराल थी कि पानी का भी कोई असर नहीं हुआ। दुकान में आग बुझाने के लिए लोगो के पसीने छूट गए। त्योहार के कारण दो दिन पहले ही उसमे पेंट से संबंधित माल मंगवाया गया था, जिसमें थिनर भी था।

आग इतनी विकराल थी ऊपर हिस्से में करीब दस मीटर व दुकान के सामने 15 मीटर तक आग का गोला बन रहा था। हाल यह था 30 मीटर तक किसी की जाने की हिम्मत नहीं हो रही है। युवकों ने हिम्मत कर अपने ऊपर गीला अंगौछा डालकर दुकान के अंदर पानी डाला तब जाकर आग कुछ शांत हुई। तभी दमकल की तीन गाड़िया मौके पर पहुंची।

पानी के प्रेशर का असर न होने पर उन्होंने फोम केमिकल का प्रयोग किया। लगभग तीन घंटे बाद आग पर काबू पाया जा सका। दुकानदार के पुत्र सुधांशू गंगवार ने बताया 20 से 25 हजार की नकदी के अलावा आठ लाख का पेंट आदि से संबंधित सामान जल गया। 

आग लगने के कारणों का नहीं चल सका पता

मुख्य अग्निशमन अधिकारी विजय प्रकाश त्रिपाठी ने बताया कि उन्हे 11 बजकर 28 मिनट पर सूचना दी गई। कायमगंज मुख्यालय से करीब 40 किलोमीटर दूर पड़ता है। इस पर तीन गाड़ियां भेजी गई थी। वह स्वयं भी मौके पर गए थे। फोम केमिकल का प्रयोग कर आग को बुझाया गया है। फिलहाल आग के सही कारणों का पता नहीं चल सका है। बैटरी इन्वर्टर से आग लगने की संभावना जताई जा रही है। गृहस्वामी ने बताया कि वह बैटरी घर से चार्ज करके लाते है। वही जलाते थे। 

आग के गोलों ने बंच केबल को लिया चपेट में

पेंट की दुकान में आग से दुकान के सामने से निकली बंच केबल में आग लग गई। फौरन बिजली विभाग को सूचना देकर बिजली आपूर्ति कटवाई गई। उसके बाद बंच केबल पर भी पानी डाल कर आग बुझाई गई।

 

 

संबंधित समाचार