काशीपुर: नशे की लत को पूरा करने के लिए की स्कूल में चोरी, पुलिस ने किया गिरफ्तार
काशीपुर, अमृत विचार। अज्ञात चोरों द्वारा एक इंटर कॉलेज की तीन अलमारियों के ताले तोड़कर हजारों की नकदी चुरा ली। मामले का पुलिस ने दो दिन में खुलासा करते हुए दो चोरों को गिरफ्तार किया है। जिनके पास से पुलिस ने चोरी का सामान व नकदी भी बरामद की है। दोनों के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
बता दें महादेवनगर ढकिया कला आरएस ढिल्लो जनता इण्टर कॉलेज के प्रधानाचार्या रिम्पल कुमारी ने पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि 25 सितंबर की रात्रि करीब 9 बजे अज्ञात चोर परीक्षा कक्ष का ताला तोड़कर कमरे में घुस गए और वहां रखी तीन अलमारियों के लॉक तोड़कर उसमें रखे सरकारी दस्तावेज को बिखेरते हुए 28260 रूपये की नकदी चुरा ले गए।
मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आसपास के सीसीटीवी कैमरों को खंगालना शुरू कर दिया। इस दौरान पुलिस को कुछ संदिग्ध दिखाई दिए। जिनकी पहचान कर मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने नेशनल स्टोन केशर के पास से ग्राम कंगनगढ़ी थाना मिलक खानम जिला रामपुर, यूपी निवासी जसवन्त उर्फ जस्सी व ग्राम ब्रहमनगर कुंडेश्वरी, काशीपुर निवासी बलजिन्दर सिंह को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूलते हुए बताया कि वह नशे के आदी हैं और नशे की लत पूरी करने के लिये चोरियों करते हैं।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी के 14 हजार रूपये, घटना में प्रयुक्त मोटर साईकिल, तालों को खोलने व तोड़ने में प्रयुक्त मल्टीपल फोल्डंग टूल किट समेत स्कूल से चोरी किया गया हैण्ड बैंग व रसीद बुक बरामद की। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक मनोज रतूड़ी, एसएसआई प्रदीप मिश्रा, कुंडेश्वरी चौकी प्रभारी एसआई विनोद जोशी, संतोष देवरानी, हेड कां- किशोर कुमार, कां- कुलदीप सिंह, दीवान गिरी, मुकेश कुमार, गजेन्द्र गिरी, जगदीश प्रसाद व सुरेन्द्र सिंह रहे।
