World Heart Day 2023 : तनाव व स्मोकिंग से युवाओं का दिल दे रहा दगा, कॉर्डियोलॉजी में इस उम्र के आ रहे मरीज
कानपुर के कॉर्डियोलॉजी अस्पताल में कम उम्र के दिल के मरीज आ रहे।
कानपुर में तनाव व स्मोकिंग से युवाओं का दिल दगा दे रहा है। कॉर्डियोलॉजी में कम उम्र के मरीजों की संख्या बढ़ी है।
कानपुर, अमृत विचार। अनियमित दिनचर्या, नौकरी न लगने, नौकरी में अधिक तनाव, पारिवारिक समस्या आदि कारणों की वजह से युवा अधिक तनाव ग्रस्त हो रहे हैं, जिसका असर उनके दिल पर पड़ रहा है। कुछ युवा तनाव को दूर करने के लिए सिगरेट आदि नशे का सहारा लेते हैं, जो दिल के लिए काफी नुकसानदेय है।
विश्व हृदय दिवस पर डॉक्टरों ने बताया कि भागदौड़ भरी जिंदगी में बढ़ता तनाव और कम होती खुशियां दिल को कमजोर बना रही हैं। 40 साल से अधिक उम्र में होने वाला हृदय रोग अब युवाओं व किशोरों को भी अपनी चपेट में ले रहा है। युवा भी हाइपरटेंशन व मधुमेह जैसी गंभीर बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। कई युवा व किशोर कॉर्डियोलॉजी में इलाज के लिए पहुंच रहे हैं, जिनमें कभी-कभी बच्चे भी शामिल होते हैं। कोरोना के बाद यह स्थिति बढ़ी है। ऐसे में दिल को मजबूती देने के लिए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के साथ योग, ध्यान व अपनों के साथ समय बिताना जरूरी है।
कॉर्डियोलॉजी के निदेशक प्रो. राकेश वर्मा ने बताया कि धूम्रपान की वजह से हार्ट अटैक की आशंका तीन से चार गुना बढ़ जाती है। धूम्रपान से दिल की नसों में जमे कोलेस्ट्रॉल के ऊपर की झिल्ली हटने लगती है। इससे रक्त की नलिकाओं में कोलेस्ट्रॉल जमा हो जाता है। खून की नलियां सख्त होने से उसमें थक्का जमने लगता है। जब पूरी तरह थक्का जम जाता है तो फिर हार्ट अटैक पड़ता है। कई बार नस फट जाती है। इससे तुरंत ही मौत भी हो जाती है।
तापमान की वजह से भी होता हार्ट अटैक
निदेशक प्रो. वर्मा ने बताया कि गर्मी से सर्दी के मौसम में जाने पर खून गाढ़ा होने लगता है। खून का प्रवाह नसों में धीमा होने लगता है। खून में खराब कण ब्लॉकेज करने लगते हैं, जिससे अटैक की आशंका अधिक हो जाती है। ऐसे में डॉक्टर से दवा सेट करानी चाहिए।
हृदय रोग से बचाव के उपाय
सिगरेट पीना तुरंत छोड़ें
- प्रतिदिन 30 मिनट व्यायाम व योग करें।
- नमक का सेवन कम मात्रा में करें।
-हरी सब्जियां, फल ज्यादा खाएं।
-जंक फूड, कोल्ड ड्रिंक्स और शराब से परहेज करें।
- किसी भी परेशानी में तनाव लेने से बचें।
- सात से आठ घंटे पर्याप्त नींद लें।
--------------------------
