बिजनौर: डाकखाने में सिक्योरिटी गार्ड और पुलिसकर्मी के बीच मारपीट, फायरिंग
बिजनौर, अमृत विचार। बिजनौर के मुख्य डाकघर में शनिवार को सिक्योरिटी गार्ड और पुलिसकर्मी के बीच मारपीट हो गई। इस दौरान गार्ड ने पुलिसकर्मी पर फायरिंग कर दी। हालांकि वह बाल-बाल बच गया। इस दौरान डाकघर में लोगों के बीच अफरा तफरी मच गई। पुलिस गार्ड और पुलिसकर्मी को थाने ले आई।
मुख्य डाकघर में शनिवार दोपहर गांव कंमभोर निवासी पुलिसकर्मी चंद्रमणि अपने बच्चे का आधार कार्ड बनवाने आया था। पुलिसकर्मी बरेली में तैनात है। बताया गया कि इस दौरान पुलिसकर्मी की डाकघर के सिक्योरिटी गार्ड राजेंद्र कुमार से कहासुनी हो गई। दोनों में जमकर मारपीट हुई। इस बीच गार्ड ने बंदूक से पुलिसकर्मी की ओर गोली चला दी। जिसमें वह और एक महिला बाल बाल बच गए।
गोली चलने से डाकघर में अफरातफरी मच गई। कर्मचारियों ने डाकघर के गेट बंद कर काम बंद कर दिया। सूचना के बाद स्थानीय कोतवाली पुलिस व एसपी सिटी प्रवीन रंजन डाकघर पहुंचे। वे दोनों को हिरासत में लेकर थाने ले गए। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी कैमरा की फुटेज देखकर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। सिक्योरिटी गार्ड का आरोप है कि पुलिसकर्मी ने उसके साथ बदतमीजी की थी।
ये भी पढ़े:- मुरादाबाद: उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद ने लोकसभा चुनाव की तैयारी में जुटने के लिए कहा
