उन्नाव: शराब पीने के बाद तीन ने पी ली Denatured Spirit, दो की मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

उन्नाव, अमृत विचार। उन्नाव के बेहटा मुजावर थाना क्षेत्र के गौरियां कला गांव के सरकारी अस्पताल में घास काटने गए तीन मजदूरों ने ठेके से देशी शराब पीने के बाद नशा बढ़ाने के प्रयास में डिनेचर्ड स्प्रिट भी पी ली। इससे उनकी हालत बिगड़ गई। अधेड़ ने घर में दम तोड़ दिया। जबकि दूसरे युवक की सीएचसी से लखनऊ ले जाते समय मौत हो गई।

गांव में शराब पीने के बाद दो लोगों की मौत से दहशत फैल गई। वहीं जानकारी पर  जिला प्रशासन में हड़कंप मच गया। पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने गांव पहुंच घटना की जांच की और दोनों के शव पोस्टमार्टम के लिये भेजे। जहां दो डाक्टरों के पैनल ने वीडियो ग्राफी के बीच उनका पोस्टमार्टम किया। जिसमें मौत के कारणों की पुष्टि न होने से बिसरा सुरक्षित किया गया है।

बता दें कि बेहटा थानाक्षेत्र के गांव गौरियां कला स्थित स्वास्थ्य केंद्र परिसर में घास काटने के लिए बीते गुरुवार फार्मासिस्ट द्वारा गांव के विजय (29) पुत्र हरी कुरील, कौशलेंद्र शुक्ला (50) पुत्र पुतान व प्यारे लाल (75) को मजदूरी के लिए बुलाया था। दोपहर एक बजे विजय व कौशलेंद्र गांव के ठेके पर चले गए। वापस आने पर कौशलेंद्र व विजय ने अधिक मात्रा में शराब पी ली। जबकि प्यारेलाल ने भी थोड़ी शराब पी थी। इसके बाद तीनों काम खत्म कर पांच बजे स्वास्थ्य केंद्र से चले आए।

बताते कि दोनों स्वास्थ्य केंद्र से वहां पड़ी स्प्रिट उठा लाए थे। आशंका है कि अधिक नशे के प्रयास में दोनों ने स्प्रिट भी पी ली। इसके बाद उनकी हालत बिगड़ी। इसके बाद कौशलेंद्र अपने घर के पीछे एक हाते में पड़ा मिला था। भाई नंद किशोर की पत्नी उसे अन्य लोगों की मदद से घर लाई। रात में वह सो गया अगले दिन उसके पेट व सीने में जलन हुई और उसकी मौत हो गई। विजय की भी गुरुवार रात हालत बिगड़ी थी। पत्नी बबली व चचेरा भाई उसे मियागंज सीएचसी लाए।

जहां इलाज के दौरान हालत बिगड़ने पर उसे लखनऊ ले जाया जा रहा है। जहां जाते समय उसकी भी मौत हो गई। जबकि तीसरे मजदूर की हालत सामान्य रही। शराब से दो मौत होने की चर्चा से गांव में दहशत फैल गई। ग्रामीणों के अनुसार मजदूरों ने किसी तरह अस्पताल में प्रयोग की जाने वाली डिनेचर्ड स्प्रिट हासिल कर ली और ठेके से लाई देशी शराब में मिलाकर पी लिया। इससे उनकी मौत हो गई।

शराब पीने से मजदूरों की मौत की सूचना शनिवार सुबह मिलते ही पुलिस व प्रशासन में हड़कंप मच गया। एसडीएम सफीपुर व बेहटा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेजे। फिलहाल पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी घटना की बारीकी से जांच करने में जुटे हैं।

सीओ बांगरमऊ सहित आबकारी अफसरों ने शराब ठेके की भी जांच की। सीओ विजय आनंद ने बताया कि जहरीली शराब की बात गलत है। शराब ठेके से दो दिन में करीब 450 क्वाटर बिक चुके है। बाकी पीएम रिपोर्ट में सब साफ हो जाएगा। वहीं जिला आबकारी अधिकारी करुणेंद्र सिंह ने बताया कि जहरीली शराब की बात सही नहीं है। जीवित बचे मजदूर ने अस्पताल में रखी स्प्रिट पीने की बात अपने बयान में कही है। उसी से मजदूरों की मौत हुई है। 

पैनल से हुए दोनों पोस्टमार्टम 
गौरियांकला में हुई संदिग्ध मौतों के बाद शवों का पोस्टमार्टम दो डाक्टरों के पैनल ने वीडियो ग्राफी के बीच किया। पैनल में डा. अमन अहमद व डा. रमन रहे। सूत्रों की मानें तो दोनों के बिसरे सुरक्षित किए गए है।

यह भी पढ़ें:-डॉ. घनश्याम तिवारी हत्याकांड: गम, आक्रोश और संवेदना के बीच ब्राह्मणों ने भरी हुंकार, हत्यारोपियों के परिवार का किया सामाजिक बहिष्कार

संबंधित समाचार