जनकपुरी: पॉश इलाका बाहर से चमकता है अंदर दिखती है विकास की धुंधली तस्वीर

Amrit Vichar Network
Published By Moazzam Beg
On

बरेली, अमृत विचार। शहर का पॉश इलाका होने की वजह से सड़कें चौड़ी हैं। डिवाइडर पर स्ट्रीट जलतीं स्ट्रीट लाइट यहां की बाहरी चमक तो दिखाती हैं लेकिन अंदरूनी हकीकत कुछ और ही है। मुख्य सड़क से अंदर जाने वाली सड़कें बरसों से नहीं बनी हैं। लोग उधड़ी सड़क पर गिरकर चोटिल हो रहे हैं। पार्कों की दशा भी ठीक नहीं है।

जनकपुरी वार्ड में प्रियदर्शनी नगर, गांधीनगर का आंशिक क्षेत्र, अवध होटल के पीछे का क्षेत्र, विवेक विहार, चन्दपुरी, विष्णुपुरी, मॉडल टाउन का आंशिक इलाका, कीर्तिनगर, जनकपुरी क्षेत्र आते हैं। वार्ड में देखने में तो सब कुछ सही लगेगा लेकिन यहां भी लोगों की समस्याएं कम नहीं हैं। कुछ क्षेत्र ऐसे भी हैं जहां विकास कार्य नहीं कराया गया है। यहां के लोगों की झूलते बिजली के तार, पोल पर स्ट्रीट लाइट नहीं जलना समस्या है।

पार्षद को लोग इसके बारे में बता चुके हैं लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। कई साल के बाद यहां की सड़क बनने की बात लोगों ने बताई। विष्णुपुरी में सड़कें कई साल से बनी ही नहीं हैं। मार्ग में पानी भरता है। बरसात में यही पानी घरों में घुसता है। इसी मोहल्ले में खाली प्लाट को लोगों ने डलावघर बना दिया है। कूड़े से उठती दुर्गंध यहां के लोगों के लिए मुसीबत है।

कई लोग पार्षद से नाराज भी हैं। चन्द्रपुरी के लोगों का कहना था कि विधवा और वृद्धावस्था पेंशन भी नहीं मिल रही है। सड़क खराब है। कई लोग कई बार पार्षद को समस्या बता चुके लेकिन 10 बरसों में तो सुनवाई हो नहीं पाई। चुनाव से पहले वोट मांगने आये थे तब आश्वासन दिया था कि सड़क और सफाई की पर्याप्त व्यवस्था कराएंगे। 

यहां के दुकानदारों ने कहा कि जब मंत्री चन्द्रपुरी में आकर सड़क और सफाई कर्मी की व्यवस्था नहीं करा पाए तो कौन कराएगा। जनकपुरी के पॉश इलाके में पार्क शराब पीने का अड्डा बना है। कॉलोनी की सुरक्षा के लिए गेट लगवाने का आग्रह पार्षद से किया गया लेकिन कुछ नहीं हुआ। सभी रास्ते खुले हैं सुरक्षा की व्यवस्था नहीं है। कुछ दिन पूर्व छिनैती हो चुकी है। पार्क को गोद लेने को तैयार एनजीओ को पार्क नहीं दिया जा रहा है।

रामजानकी मंदिर के सामने बस्ती में बिजली के पोल लगने चाहिए। उनमें स्ट्रीट लाइट लगे ताकि रात में अंधेरा नहीं रहे।-प्रकाश

जनकपुरी में ट्यूबवेल पार्क दयनीय हालत में है। इसे गोद लेने को निगम में कई बार कहा लेकिन सुनवाई भी नहीं हुई। कालोनी में सभी मार्ग खुले हैं। -राशि पाराशरी

चन्द्रपुरी में सफाई की व्यवस्था नहीं है। गलियां टूटी हैं। बरसात में पानी भरता है। कोई समाधान नहीं हो रहा है। -पीयूष अग्रवाल

चन्द्रपुरी की गली नंबर-3 की सड़क कई साल से खराब है। खाली प्लाट डलावघर बना है। इसे दुरुस्त होना चाहिए।-आशीष

रामजानकी मंदिर कॉलोनी में भाजपा के वोटर हैं। पार्षद को सभी दिक्कतों की जानकारी है लेकिन कोई हल नहीं है।- विनोद कुमार

जनकपुरी में ट्यूबवेल वाले पार्क पर लगी हाईमास्ट जलती नहीं है। झाड़ियां उगी हैं। झूले टूटे हैं। रखरखाव तो दूर सफाई नहीं होती है।-लक्ष्मण दास

कॉलोनी के लोग एकजुट हों और पार्क की दशा सुधारने को आगे आएं। कमेटी बनाकर ट्यूबवेल वाले पार्क को बेहतर बनाने का काम जनता को ही करना होगा।-मयंक सिंह

रामजानकी मंदिर में बरसात में कई साल से पानी भरता है। मुख्य द्वार पर लगी लाइट नहीं जलती है। बिजली के तार पेड़ के सहारे जा रहे हैं।-मनोज कुमार

सरकार की योजनाओं की जानकारी देना तो दूर वृद्धावस्था और विधवा पेंशन तक पार्षद नहीं करवा रहे हैं। वोट मांगने आने के बाद क्षेत्र में आते नहीं है।-चन्द्र प्रकाश

चन्द्रपुरी और विष्णुपुरी में सड़क बनने से घर नीचे हो जाएंगे। वार्ड के जो लोग मेरे पास किसी भी काम के लिए आ रहे हैं उनके काम करवा रहा हूं।-आरेन्द्र अरोरा, पार्षद- 

ये भी पढे़ं- बरेली: अब हज से लौटे हाजियों से भी संवाद करेगी सरकार

 

 

संबंधित समाचार