संभल: सर्पदंश से महिला समेत दो लोगों की मौत, एक गंभीर
संभल/ओबरी/जुनवाई, अमृत विचार। असमोली व जुनावई थाना क्षेत्र में महिला सहित दो लोगों की सर्पदंश से मौत हो गई। वहीं हयातनगर थाना क्षेत्र में भी खेत पर काम करने गये किसान को सांप ने काट लिया। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
असमोली थाना क्षेत्र के गांव दुगावर निवासी 59 वर्षीय जसवंत सिंह शनिवार की देर शाम खेत पर गन्ने की फसल की सिंचाई कर रहा था। अचानक से ग्रामीण को सांप ने काट लिया। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और परिजन सांप का जहर उतरवाने के लिए ग्रामीण को लेकर आसपास के इलाके में देर रात तक झाड़ फूंक करने वाले लोगों के पास घूमते रहे।
जिससे ग्रामीण को फायदा तो नहीं हुआ तो उपचार कराने मुरादाबाद के निजी अस्पताल में पहुंचे। रविवार को जसवंत की मौत हो गई। वहीं जुनावई थाना क्षेत्र के गांव असादपुर निवासी रवि की पत्नी काव्या (26) शनिवार की देर शाम जुनावई में अपने किराये के कमरे में बैठी थी। अचानक से कमरे में सांप घुस आया और महिला को सांप ने काट लिया। अलीगढ़ में डॉक्टर ने देखते ही महिला को मृत को घोषित कर दिया।
खेत पर काम करने गए किसान को सांप ने काटा
हयातनगर थाना क्षेत्र में काम करने गए किसान को खेत की मेढ़ पर सांप ने काट लिया। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और किसान को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
थाना क्षेत्र में सरायतरीन के मुहल्ला होली चौक निवासी मोहम्मद जुम्मा रविवार की सुबह अपने खेत काम करने गया था। खेत की मेढ़ पर पैर रखते ही सांप ने किसान को काट लिया। मौके पर पहुंचे परिजन आनन फानन में किसान को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे और उपचार के लिए भर्ती कराया।
यह भी पढ़ें- संभल: फाइनेंस कंपनी का मैनेजर 8.6 लाख रुपये लेकर फरार, रिपोर्ट
