बरेली: आश्वासनों का दौर खत्म... कल से संजय नगर की सड़क बनाने का काम शुरू
DEMO IMAGE
बरेली, अमृत विचार। शहर में जल्द ही विकास कार्य शुरू हो जाएंगे। आश्वासनों की लगातार घुट्टी पीने के आदी हो चुके संजय नगर रोड से गुजरने वालों के लिए अगला सप्ताह राहत वाला हो सकता है। शहर की सबसे खराब सड़क में शामिल हो चुकी संजय नगर की सड़क मंगलवार से बननी शुरू हो सकती है।
जब काम शुरू होगा उस समय मेयर डॉ. उमेश गौतम भी मौके पर मौजूद रहेंगे। सड़क निर्माण पर पांच करोड़ रुपये की लागत आएगी और इस बार सीसी रोड बनने के साथ-साथ दोनों ओर इंटरलाकिंग की व्यवस्था की गई है। काम का टेंडर पास हो गया है।
पांच वार्डों की संजय नगर की यह मुख्य सड़क पांच साल से अधूरी थी। अधूरी सड़क से वार्ड की जनता, व्यापारियों और इस मार्ग से गुजरने वाले लोगों को परेशानी होती है। बारिश में अधूरी और डेढ़ फिट ऊंची-नीची सड़क में कई लोग गिरकर चोटिल हो गए। वे अपना दर्द सड़क बनने से शायद भूल सकेंगे।
लगातार आश्ववासन पर ही पांच साल कट जाने से क्षुब्ध स्थानीय लोगों ने सड़क नहीं बनने पर जनप्रतिनिधियों के खिलाफ पिछले माह विरोध भी किया था। अमृत विचार ने जनता की इस आवाज को उठाया था। जनप्रतिनिधियों के खिलाफ जनता के इस गुस्से की गूंज शासन तक भी गई थी, तभी से इस सड़क का निर्माण कार्य जल्दी कराने की तैयारी हुई।
पिछले दिनों नगर आयुक्त निधि गुप्ता वत्स ने अफसरों को विकास कार्यों के टेंडर फाइनल करने का लक्ष्य दिया। 10 दिन की मैराथन बैठकों के बाद संजय नगर की सड़क के टेंडरों की जांच पूरी की गई और अब सड़क निर्माण की जिम्मेदारी दी गई है।
सड़क निर्माण में पांच करोड़ 60 लाख 4 हजार रुपये खर्च होगें। श्रेया बारात घर से बैंक तक और दुर्गा नगर मंदिर से आगे तक सीसी रोड का निर्माण किया जाएगा। इस बार सड़क के दोनों ओर इंटरलाकिंग की व्यवस्था की गई ताकि भविष्य में कोई पाइप लाइन आदि डालने का कोई प्रोजेक्ट हो तो सड़क की खुदाई नहीं करनी पड़े।
संजय नगर में सड़क निर्माण की शुरुआत मंगलवार से करेंगे। उस समय वह स्वयं मौजूद रहेंगे। टेंडर फाइनल हो गए हैं। इस काम की शुरुआत के साथ अगले 10 दिनों में शहर में विकास कार्य होते दिखने शुरू हो जाएंगे। ईंट पजाया रोड, डीडीपुरम रोड, मारवाड़ीगंज, गोविंदापुर आदि लगभग 40 मार्गों पर काम होता दिखेगा। -डॉ. उमेश गौतम, मेयर
संजय नगर रोड का टेंडर फाइनल हो गया है। वर्क आर्डर जारी हो जाएगा। यह मार्ग सबसे ज्यादा खराब था। जनता परेशान हो रही थी। यह काम शीघ्र शुरू होगा। -निधि गुप्ता वत्स, नगर आयुक्त
ये भी पढे़ं- बरेली: डेंगू वार्ड हुआ फुल, बढ़ाए जाएंगे पांच बेड
