Kanpur Farmer Suicide Case: डॉ. प्रियरंजन दिवाकर अभी भी फरार, किसान बाबू सिंह के घर पहुंचीं पूर्व सांसद सुभाषिनी अली
कानपुर में किसान की मौत का आरोपी भाजपा नेता डॉ. प्रियरंजन दिवाकर अभी भी फरार है।
कानपुर में किसान की मौत का आरोपी कई दिन बीत जाने के बाद भाजपा नेता डॉ. प्रियरंजन दिवाकर अभी भी फरार है। किसान बाबू सिंह के परिजनों से मिलने के लिए पूर्व सांसद सुभाषिनी अली उनके घर पहुंचीं।
कानपुर टीम, अमृत विचार। कानपुर में किसान की मौत का आरोपी कई दिन बीत जाने के बाद भाजपा नेता डॉ. प्रियरंजन दिवाकर अभी भी फरार है। किसान बाबू सिंह के परिजनों से मिलने के लिए पूर्व सांसद सुभाषिनी अली उनके घर पहुंचीं।
अपराधी बाल आयोग में तो बच्चों का क्या होगा
चकेरी गांव के किसान बाबू सिंह यादव के घर सोमवार को पीड़ित परिवार से मिलने माकपा की पॉलित ब्यूरो की सदस्य व पूर्व सांसद सुभाषिनी अली पहुंची। उन्होंने कहा कि अगर प्रियरंजन जैसे अपराधियों को बाल आयोग का सदस्य बनाया जाएगा तो बच्चों का क्या होगा। इन्हें तत्काल बाल आयोग और पार्टी से बाहर का रास्ता दिखाना चाहिए। उन्होंने पीड़ित परिवार को हर संभव मदद का भरोसा दिलाया है।
उन्होंने कहा कि किस आधार पर इस तरह के अपराधियों को बाल आयोग का सदस्य बनाया जाता है। ये अपराधी बच्चों के साथ क्या करेंगे। इतना बड़ी धोखाधड़ी करते हैं, लोगों को इस तरह से लूटते हैं। उन्होंने कहा कि मुख्य आरोपी फरार इनामिया भाजपा नेता डॉ प्रियरंजन अंशु दिवाकर समेत अन्य आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी होनी चाहिए।
अगर पीड़ित परिवार को इंसाफ नहीं मिला तो वह सड़क पर उतरकर पीड़ित परिवार की लड़ाई लड़ेंगी। इस दौरान उन्होंने किसान की पत्नी बिटान देवी, बेटी काजल और रूबी समेत परिवार के अन्य लोगों से हाल जाना।
इसके साथ ही पूरे मामले से जुड़े दस्तावेज भी लिए और कहा कि वह मामले में उच्च स्तरीय पैरवी करके इंसाफ दिलाने की कोशिश करेंगी। इस दौरान उनके साथ न्याय संघर्ष समित के संयोजक अभिमन्यु गुप्ता व सपा नेता फतेह बहादुर गिल मौजूद रहे।
भाजपा नेता की तलाश में जबलपुर में भाई के घर छापा
किसान बाबू सिंह यादव आत्महत्या प्रकरण में पुलिस की टीमों ने सोमवार को फरार इनामिया भाजपा नेता डॉक्टर प्रियरंजन अंशु दिवाकर की तलाश में जबलपुर में उसके भाई के घर छापेमारी की। प्रयागराज, महराजगंज, नोएडा व मैनपुरी में भी छापेमारी की। लेकिन वह कहीं पर भी नहीं मिला।
चकेरी निवासी बाबू सिंह ने नौ सितंबर को ट्रेन से कटकर जान दे दी थी। उन्होंने भाजपा नेता प्रियरंजन अंशु दिवाकर के खिलाफ धोखाधड़ी कर साढ़े छह करोड़ रुपये की जमीन हड़पने का आरोप लगाया था। आरोपी राहुल जैन व मधुर पांडेय गिरफ्तार किए जा चुके हैं। चार अन्य फरार हैं।
जबलपुर में भाजपा नेता का भाई रेलवे में तैनात है। उसके घर छापा मारा गया। प्रयागराज में जमानत के लिए भाजपा नेता की मौजूदगी का शक था। महराजगंज भाजपा नेता का एक रिश्तेदार है। मैनपुरी में भाजपा नेता के घर के अलावा आरोपी शिवम चौहान के ठिकाने पर छापे मारे गए लेकिन कोई पकड़ में नहीं आया।
