Kanpur: CSA में आठ से दस अक्टूबर तक किसान मेले का होगा आयोजन… इस बार सामूहिक समस्याएं भी सुनी जाएंगी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर के सीएसए यूनिवर्सिटी में आठ से दस अक्टूबर तक किसान मेले का आयोजन होगा।

कानपुर के सीएसए यूनिवर्सिटी में आठ से दस अक्टूबर तक किसान मेले का आयोजन होगा। इसमें देश भर से किसान शामिल होंगे। इसके साथ ही सामूहिक मुद्दों पर भी चर्चा होगी।

कानपुर, अमृत विचार। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (सीएसए) में आठ से दस अक्टूबर तक अखिल भारतीय किसान मेले का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें देश भर से किसान शामिल होंगे। कृषि, पशुपालन, मत्स्य पालन, बीज उत्पादन समेत कई तकनीकी जानकारियां दी जाएंगी। किसानों की सामूहिक समस्याओं पर चर्चा होगी। उसके लिए विशेषज्ञों के अलावा कई कृषि अधिकारियों को आमंत्रित किया गया है।

कुलपति डॉ. आनंद कुमार सिंह ने बताया कि विश्वविद्यालय परिसर में अखिल भारतीय किसान मेला एवं कृषि उद्योग प्रदर्शनी का तीन दिवसीय आयोजन किया जा रहा है। मेले के माध्यम से किसानों और प्रसार कार्यकर्ताओं को कृषि शोध की नई तकनीक, कृषि यंत्रों व पशु चिकित्सा विज्ञान की उपलब्धियां के बारे में बताया जाएगा।

प्रदर्शनी में 100 से अधिक स्टाल लगाए जाएंगे, जहां विविधीकरण, कृषि निवेश, बीज उत्पादन, जैविक नियंत्रण, सागभाजी उत्पादन और कृषि अभियंत्रण, डेयरी प्रसंस्करण, बायोटेक्नोलॉजी,गृह विज्ञान, उर्वरक आदि से संबंधित जानकारी दी जाएगी  मेले में श्री अन्न आधारित मूल्य संवर्धित विभिन्न उत्पादों को भी प्रदर्शित किया जाएगा।

कृषक गोष्ठी का आयोजन कर किसानों की सामूहिक समस्याओं का निराकरण और विभिन्न विषयों पर तकनीकी सत्र का आयोजन किया जाएगा। कृषक  प्रश्नोत्तरी कार्यक्रम भी आयोजित कर विजेताओं को पुरस्कृत किया जाएगा।  उन्होंने बताया कि खेती में समस्याएं जैसे जलवायु परिवर्तन, उत्पादन में गिरावट, मृदा स्वास्थ्य में कमी आदि है।

अंतरराष्ट्रीय पोषक अनाज वर्ष 2023 के परिपेक्ष में पोषण सुरक्षा के दृष्टिगत श्रीअन्न और मिलेट्स को बढ़ावा देने के लिए अखिल भारतीय किसान मेले में अधिक फोकस किया जाएगा। विश्वविद्यालय अपने 15 कृषि विज्ञान केन्द्रों एवं  एटिक के माध्यम से किसानों के खेतों तक नवीनतम कृषि तकनीकी पहुंच पहुंचाने का काम करेगा। इसके साथ ही विभिन्न संस्थाओं, संगठनों एवं कृषि निवेश आपूर्तिकर्ताओं के साथ सहभागिता स्थापित कर कृषकों को नवीनतम तकनीकी के बारे में बताया जाएगा।

संबंधित समाचार