रुद्रपुर: 50Lakh Smack Case - यूपी सिपाही की भूमिका की पड़ताल को नियुक्त हुआ विवेचक
रुद्रपुर, अमृत विचार। एसटीएफ की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स द्वारा बरामद 50 लाख कीमती स्मैक प्रकरण की विवेचना के लिए विवेचक नियुक्त हो गया है। जिसके बाद आरोपी यूपी पुलिस के सिपाही की भूमिका की पड़ताल होगी और जल्द ही कोतवाली पुलिस संबंधित थानाध्यक्ष को नोटिस भेजकर पूछताछ के लिए बुला सकती है।
बताते चलें कि सोमवार की शाम को एएनटीएफ प्रभारी विपिन जोशी की टीम ने इंदिरा चौक रुद्रपुर से बग्गी थाना गंज रामपुर यूपी निवासी आलम अहमद, बिसरात बिलासपुर यूपी निवासी गुरदीप सिंह और मिलक मंडी रामपुर यूपी निवासी जिशान अली को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 521 ग्राम स्मैक की बड़ी खेप पकड़ी थी।
साथ ही दो बाइकों को सीज कर दिया था। पकड़ी गई स्मैक की अंतरराष्ट्रीय कीमत 50 लाख रुपये आंकी गई थी। पूछताछ में तीनों आरोपियों ने रामपुर जनपद में तैनात यूपी पुलिस के सिपाही रविकांत का नाम लिया था। साथ ही बताया था कि पकड़ी गई स्मैक को यूपी सिपाही द्वारा दी गई और उसी के फोन के बाद उसे रुद्रपुर किसी व्यक्ति को सप्लाई करनी थी।
टीम ने कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कर मामले की तफ्तीश कोतवाली पुलिस के पाले में डाल दी थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए आला अधिकारियों ने प्रकरण की तफ्तीश कोतवाली के दरोगा जय प्रकाश को सौंप दी है। जिसके बाद विवेचक ने सबसे पहले आरोपियों और आरोपी सिपाही के मोबाइल नंबरों की सीडीआर निकालने का निर्णय लिया है।
साथ ही संबंधित थानाध्यक्ष को पत्र भेजकर आरोपी सिपाही से पूछताछ करने को सूचित किया है। यदि सिपाही अपने बयान दर्ज कराने नहीं आते हैं तो पुलिस अदालत से नोटिस लेकर पूछताछ कर सकती है।
