प्रयागराज: आईटीआई कॉलोनी खाली कराने पहुंचे अधिकारी को बनाया बंधक, जमकर हुआ हंगमा
नैनी/प्रयागराज, अमृत विचार। पीडीए कालोनी में स्थित आईटीआई की कालोनी में रहने वाले से घर खाली कराने पहुंचे अधिकारी को कालोनीवासियों ने बंधक बना लिया। सूचना पर पुलिस पहुंची तो वहां रहने वाले लोगों ने हंगामा करते हुए बवाल काटना शुरु कर दिया। वहां घंटों हंगामा चलता रहा।
उसी दौरान विद्युत अधिकारी भी पहुंचे और उन्होंने विद्युत केबिलों को काटना शुरू कर दिया। इस दौरान आरोप हैं कि गार्ड ने अपशब्दों का प्रयोग महिलाओं पर कर दिया, इससे वह भड़क उठीं। बाद में आईटीआई अधिकारियों ने कहा कि हम नोटिस चस्पा करने आए थे। शाम को जब विद्युत विभाग ने विद्युत कनेक्शन जोड़ा तब जाकर लोग शान्त हुए।
दुरवानी नगर, पीडीए कालोनी स्थित आईटीआई कालोनी में कंपनी के ढाई सौ घर हैं, जिसमें दो सौ से अधिक पर अवैध रूप से लोग रह रहे हैं। आरोप ही कि बुधवार को आईटीआई के अधिकारी सुरक्षा कर्मियों के साथ कालोनी में पहुंचे और लोगों से घर खाली करने को कहा। इस दौरान विद्युत अधिकारी भी वहां पहुंचे और कनेक्शन काटना शुरू कर दिया।
इसी दौरान किसी गार्ड ने अपशब्दों का उपयोग कर दिया, जिससे महिलाएं भड़क उठीं। वहां हंगामा मच गया। महिलाओं के साथ बड़ी संख्या में पुरुष भी आ गए। उन्होंने कंपनी के अधिकारी का घेराव कर दिया। महिलाएं वहां धरने पर बैठ गईं। लोगों ने बताया कि वह मंगलवार को आईटीआई कंपनी जाकर अधिकारियों से मिले थे और उनसे छह माह का समय मांगा था, क्योंकि तत्काल घर खाली करना संभव नहीं है। लेकिन दूसरे दिन ही खाली कराने पहुंच गए।
कंपनी को जब तक जरूरत नहीं है, हमें किराए पर दे दें। घंटों हंगामा चलता रहा। बाद में विद्युत कनेक्शन जुड़वाने की बात पर लोग मानें। पिछले माह भी विद्युत विभाग ने यहां के रहने वाले लोगों का कनेक्शन काट दिया था, जिसे जोड़ दिया गया।
यह भी पढ़ें:-इलाहाबाद हाईकोर्ट: रिजवान सोलंकी के मामले में जिला अदालत द्वारा अंतिम निर्णय लेने पर लगाई रोक
