ICC World Cup 2023 : क्रिकेट प्रेमियों को विश्वास, Mohammed Shami की स्विंग दिलाएगी भारत को विश्वकप

आज से विश्व कप के मैच शुरू, पहला मुकाबला इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच होगा, 2011 में महेंद्र सिंह धोनी के कप्तानी में जीता था विश्व कप, 2023 में भारत प्रबल दावेदार

ICC World Cup 2023 : क्रिकेट प्रेमियों को विश्वास, Mohammed Shami की स्विंग दिलाएगी भारत को विश्वकप

 प्रतियोगिता में ऑलराउंडर की भी भूमिका अहम होगी

मुरादाबाद, अमृत विचार। भारत की मेजबानी में 5 अक्टूबर यानि आज से क्रिकेट वर्ल्ड कप 2023 का आगाज अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में होने जा रहा है। पहला मैच इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच खेला जाएगा। विश्व कप को लेकर महानगर के क्रिकेट प्रेमियों में अभी से उत्साह है। उनका मानना है कि इस बार मंडल के तेज गेंदबाज मो. शमी की स्विंग के दम पर भारतीय टीम विश्व विजेता बनेगी। हालांकि भारत अपना पहला मैच 8 अक्टूबर को खेलेगा।

महानगर में क्रिकेट को लेकर अलग ही जुनून है। मंडल ने देश को पीयूष चावला, मो. शमी जैसे शानदार गेंदबाज दिए हैं। अब मौका विश्व कप का है। जिसके लिए क्रिकेट प्रेमियों में अभी से उत्साह है। सभी भारतीय टीम को विश्व विजेता बनना देखना चाहते हैं। भारतीय टीम 2011 में आखिरी बार महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में विश्व विजेता बनी थी। जिसमें महानगर के खिलाड़ी पीयूष चावला भी शामिल थे।

अब 2023 विश्व कप में भारतीय टीम में मंडल के अमरोहा निवासी मो. शमी शामिल हैं जिनकी घातक गेंदबाजी से सभी वाकिफ हैं। शमी की स्विंग और यार्कर किसी भी बल्लेबाजी आक्रमण को ध्वस्त करने की काबलियत रखती है। उन्होंने 2019 विश्व कप में भी भारतीय टीम के लिए शानदार प्रदर्शन किया था। महानगर के क्रिकेट प्रेमियों का कहना है कि शमी को अंतिम एकादश में जरूर शामिल करना चाहिए।

क्या बोलें युवा क्रिकेटर ?

भारतीय टीम को घर में जीतते देखने का अनुभव अलग ही होने वाला है। भारतीय टीम विश्व कप जीतने के लिए प्रबल दावेदार है। भारत के पास शानदार बल्लेबाजी समेत अच्छे गेंदबाज है।-याशिका शर्मा, युवा क्रिकेटर

मोहम्मद शमी और पीयूष चावला मंडल के क्रिकेटरों के आदर्श हैं। भारतीय टीम में मो. शमी को बड़ा योगदान रहने वाला है। उनका अनुभव भारतीय टीम के लिए काम आएगा। उनके पास हर स्थिति में गेंदबाजी करने का अनुभव है।- मनीषा चौधरी, युवा क्रिकेटर

2011 में भारतीय टीम को युवराज सिंह ने विश्व कप विजेता बनाया था। इस बार भी भारतीय टीम में हार्दिक और जडेजा जैसे स्टार आलराउंडर है। जो टीम के लिए अहम योगदान देंगे। बड़ी प्रतियोगिता में आलराउंडर की भूमिका अहम होती है।- रिषभ मलिक, युवा क्रिकेटर

देखा जाए तो आस्ट्रेलिया, इंग्लैड और न्यूजीलैंड की टीम भी अच्छी है। लेकिन, भारतीय टीम को घर में खेलने का लाभ मिलेगा। विदेशी खिलाड़ियों का आईपीएल में खेलना भारत के लिए खतरा भी हो सकता है। क्योंकि अधिकांश टीमों के स्टार खिलाड़ियों को यहां खेलने का अनुभव है।- यश शुक्ला, क्रिकेट कोच

ये भी पढे़ं : मुरादाबाद : त्योहारों के चलते ट्रेनों में भीड़ बढ़ी, सीट के लिए जद्दोजहद