हरदोई: साइबर क्राइम से सनसनी, बैंक के एटीएम में छेड़छाड़ कर निकाले गए हजारों रुपये, हड़कंप
हरदोई। साइबर क्राइम करने वाले शातिरों ने एटीएम से ठगी का एक और अनोखा तरीका तलाश लिया है। शहर के पॉश इलाके में बैंक एटीएम के डिस्पेंसर पर स्टीकर चिपका कर एक को नहीं बल्कि कई लोगों के हज़ारों रुपये ठग लिए गए। ठगी की अनोखी करतूत सुनकर पैर कांप जाएंगे। इस बारे में सीओ बघौली विकास जायसवाल ने बताया है कि जांच की जा रही है, जल्द ही इसका खुलासा कर लिया जाएगा।
बताया गया है कि दिल्ली-लखनऊ हाई-वे पर लखनऊ रोड पर एक एटीएम से हज़ारों रुपये कैसे ठगे गए? इसकी कहानी बेहद चौंकाने वाली है। बैंक की एटीएम मशीन, जहां से पैसे निकलते हैं, उसे डिस्पेंसर कहा जाता है, वहां पर स्टीकर लगा कर साइबर क्राइम करने वाले आसानी से क्राइम कर गए। इस बारे में बताया गया है कि ग्राहक पहले कार्ड स्वाइप करता है उसके बाद पिन डायल करता है,उसके बाद जब पैसे लेने की बारी आती है तो वहां पर एक स्टीकर लगा है,जिससे कि पैसे बाहर नहीं निकलते, ग्राहक यह सोचकर कि शायद बैंक ने इसको बंद कर रखा है, वापस चला जाता है।
उसके बाद साइबर ठग अंदर पहुंच कर वहां लगा स्टीकर हटाकर सारे रुपये निकाल कर फिर रफूचक्कर हो जाते हैं। ऐसे ही हरदोई के इस एटीएम पर 8 से 10 ट्रांजैक्शन हुए और साइबर ठग रुपये समेट कर फरार हो गए। दरअसल सारा मामला वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है। इसका पता होते ही वहां पहुंची पुलिस जांच कर रही है। इस बारे में सीओ बघौली विकास जायसवाल ने बताया है कि जांच की जा रही है। सीसीटीवी कैमरे के फुटेज खंगाले जा रहें हैं। जल्द ही इसका खुलासा कर लिया जाएगा।
ग्राहकों को दिखानी होगी समझदारी
साइबर क्राइम करने वाले शातिर कब कौन सी हरकत कर बैठे, कुछ कहा नहीं जा सकता। एटीएम के डिस्पेंसर पर स्टीकर लगा कर की गई ठगी के बाद ग्राहकों को समझदारी से काम लेना होगा। एटीएम से लेन-देन करने वाले ग्राहकों को यह समझना चाहिए कि जब तक उनका ट्रांजैक्शन नहीं हो जाता है,तब तक उन्हें एटीएम से बाहर नहीं आना है।
यह भी पढ़ें: अलीगढ़: बीजेपी एमपी पर लगा गंभीर आरोप, पीड़ित ने कहा- जान से मरवाना चाहते हैं सांसद
