अमरोहा: घर के बाहर खड़ी युवती पर सांड़ ने बोला हमला, मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

युवती की मौत से ग्रामीणों में रोष, कहा छुट्टा पशु को पकड़वाए प्रशासन

रहरा(अमरोहा), अमृत विचार। घर के बाहर खड़ी युवती पर सांड़ ने हमला कर दिया। सांड के हमले से युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। परिवार के लोग उसे अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। युवती की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। सांड के हमले से ग्रामीणों और परिवार के लोगों में प्रशासन के खिलाफ रोष है।

कस्बा व थाना आदमपुर निवासी कुमारपाल सैनी की खेती करके परिवार का पालन-पोषण करता है। उनकी दूसरे नंबर की बेटी कविता सैनी गुरुवार सुबह घर के बाहर खड़ी थी। इस बीच अचानक गांव में घूम रहे सांड़ ने कविता पर हमला कर दिया। कविता की चीख-पुकार सुन परिवार के लोगों व ग्रामीणों ने किसी तरह सांड को भगाया। लेकिन तब तक वह बुरी तरह घायल हो चुकी थी। 

आनन-फानन में परिवार के लोग घायल कविता को लेकर आमदपुर के निजी अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे  मृत घोषित कर दिया। युवती की मौत से परिवार में मातम छा गया। ग्रामीणों का कहना है कि काफी समय में क्षेत्र छुट्ट पशु घूम रहे हैं। यह पशु आए दिन किसी न किसी पर हमला करते रहते हैं। कई बार इसकी शिकायत प्रशासन से कर चुके हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं होती है। ग्रामीणों की मांग है कि प्रशासन जल्द से जल्द छुट्टा पशुओं को पकड़वाकर गोशाला भिजवाए। परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बिना ही कविता के शव का अंतिम संस्कार कर दिया।

पहले भी कई लोगों पर हमला कर चुका है सांड़ 
गुरुवार को जिस सांड़ के हमले से कविता सैनी की मौत हुई, वह इससे पहले भी कई लोगों पर हमला कर चुका है। ग्रामीणों ने बताया कि एक सप्ताह पूर्व इसी मोहल्ले के संजय सैनी पर इसी सांड़ ने हमला करके घायल कर दिया था। इसके अलावा ढबारसी में भी राजपाल शर्मा पर सांड ने हमला किया था। इससे वह घायल हो गया था। वहीं भाकियू टिकैत के ब्लाक उपाध्यक्ष नितिन त्यागी ने क्षेत्र में सांड़ के हमलों में हो रही मौतों के लिए प्रशासन को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने प्रशासन से छुट्टा पशुओं के आतंक से निजात दिलाने के लिए शीघ्र उन्हे पकड़वाकर गोशाला भिजवाने की मांग की है। ताकि इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।

ये भी पढ़ें:- अमरोहा: दुष्कर्म के आरोपी को 48 दिन में दी 25 साल की सजा

संबंधित समाचार