मुरादाबाद: रामपुर जेल में निरुद्ध पूर्व ब्लाक प्रमुख ललित कौशिक बलरामपुर जेल में स्थानांतरित
हत्या के तीन मामलों समेत कुल 13 मुकदमों में जेल में निरुद्ध हैं पूर्व ब्लॉक प्रमुख
मुरादाबाद, अमृत विचार। हत्या के तीन मामलों समेत कुल 13 मुकदमों में जेल में निरुद्ध पूर्व ब्लाॅक प्रमुख ललित कौशिक को रामपुर जेल से 403 किमी दूर बलरामपुर जिला कारागार में स्थानांतरित किया गया है। इस बात की पुष्टि रामपुर जिला कारागार अधीक्षक प्रशांत मौर्य ने की है।
जिला कारागार अधीक्षक ने बताया कि ये कार्रवाई शासन के निर्देश पर हुई है। उन्हाेंने बताया कि बलरामपुर जेल अधीक्षक को गुरुवार को ही पत्र लिखकर ललित कौशिक का आपराधिक विवरण उपलब्ध करा दिया है। साथ ही यह जानकारी दी गई है कि बंदी को पुलिस अभिरक्षा में वारंट समेत बलरामपुर जिला कारागार में स्थानांतरित कर दिया गया है। जेल में इसके दाखिले की सूचना उपलब्ध कराने संग पत्र में उन्होंने लंबित वादों में अग्रिम तिथियों में बंदी ललित कौशिक को संबंधित न्यायालय में पेश कराने का भी बलरामपुर जेल अधीक्षक से अनुरोध किया है।
इस स्थानांतरण के संबंध में शासन की तरफ से विशेष सचिव मदन मोहन ने पुलिस महानिदेशक एवं महानिरीक्षक कारागार प्रशासन एवं सुधार सेवाएं को 29 सितंबर 2023 को निर्देश जारी किए थे। इसी क्रम में उप महानिरीक्षक मुख्यालय एके सिंह ने मंगलवार को रामपुर जिला कारागार अधीक्षक को तत्काल कार्रवाई के लिए पत्र लिखा था। मालूम हो कि सिविल लाइंस के दीन दयाल नगर निवासी एवं मूंढापांडे के पूर्व ब्लाॅक प्रमुख ललित कौशिक के विरुद्ध पूर्व में राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (एनएसए) की कार्रवाई भी हो चुकी है। ये शहर के चर्चित कुंशाक गुप्ता एवं सीए श्वेताभ तिवारी हत्याकांड और रजत शर्मा पर जानलेवा हमले के मामले में अभियुक्त है।
कुख्यात माफिया है ललित
12 जनवरी 2022 को सड़क पर सरेआम प्रतिष्ठित स्पोर्ट्स व्यापारी कुशांक गुप्ता की ताबड़तोड़ फायरिंग कर हत्या करने के मामले में पुलिस ने 31 जुलाई 2023 को एनएसए की कार्रवाई की थी। पुलिस ने बताया था कि ललित कौशिक कुख्यात माफिया है। इसके विरुद्ध हत्या, लूट, रंगदारी, आयुध अधिनियम व गिरोहबंद अधिनियम के कुल 15 मामले दर्ज हैं। 15 फरवरी 2023 की रात करीब साढ़े नौ बजे मझोला थाना क्षेत्र में दिल्ली रोड सीए श्वेताभ तिवारी की भी गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
ये भी पढ़ें:- अमरोहा : दहेज के लिए पिता ने ईंट से हमला कर बेटे को किया घायल
