लखनऊ में 26 अक्टूबर से शुरू होगा जाणता राजा महानाट्य का मंचन, 2 लाख वर्गफीट की होगी विशाल रंगभूमि
लखनऊ, अमृत विचार। राजधानी में 26 अक्टूबर से 31 अक्टूबर के बीच महानाट्य जाणता राजा का मंचन जनेश्वर मिश्र पार्क में होगा। इस महानाट्य की तैयारियों को लेकर 8 अक्टूबर को जनेश्वर मिश्र पार्क में भूमिपूजन कार्यक्रम आयोजित होगा। इस बात की जानकारी दिव्य प्रेम सेवा मिशन के अध्यक्ष डॉ. आशीष गौतम ने शुक्रवार को आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान दी। पत्रकार वार्ता का आयोजन गोमती नगर स्थित एक होटल में किया गया था।
दिव्य प्रेम सेवा मिशन के अध्यक्ष डॉ. आशीष गौतम ने कहा कि इस महानाट्य को आयोजित करने का निर्णय दो सात्विक उद्देश्यों के लिए किया गया है पहला यह कि वर्तमान युवा पीढ़ी के सामने एक ऐसे महान योद्धा के चरित्र की प्रस्तुति हो जिसे देखकर व समझकर युवा पीढ़ी अपने जीवन की दशा-दिशा तय कर सकें। अपनी संस्कृति एवं इतिहास अनेक वीरों की शौर्य गाथाओं से भरा हुआ है परन्तु समाज के एक बड़े वर्ग को इसकी जानकारी तक नही है। उन्हीं वीरों में से एक हैं छत्रपति शिवाजी महाराज। दूसरा पवित्र उद्देश्य यह है कि संवेदनशील समाज को दिव्य प्रेम सेवा मिशन के सेवा कार्य से जोड़ना।
जाणता राजा आयोजन समिति के अध्यक्ष राजेश दयाल ने कहा कि जाणता राजा महानाट्य के बारे में आपके साथ चर्चा करना हमारे लिए खुशी की बात है। भारत, इंग्लैंड सहित दुनिया भर में 1200 बार से अधिक इस नाटक का मंचन हो चुका है। उन्होंने कहा कि 70 लाख से अधिक दर्शकों द्वारा प्रशंसित, 20 फीट ऊँची माँ तुलजा भवानी की भव्य प्रतिमा। 2 लाख वर्गफीट की विशाल रंगभूमि, हाथी, घोड़े, ऊँट और बैलगाड़ियां, पालकी का प्रत्यक्ष प्रयोग। अत्याधुनिक ध्वनि, प्रकाश व्यवस्था, शानदार आकर्षक आतिशबाजी, उत्कृष्ट संगीत से सुसज्जित जाणता राजा महानाट्य हमारे भीतर छत्रपति शिवाजी महाराज के जीवन चरित्र को उतारते चले जाते हैं। इसमें सबसे महत्वपूर्ण है रामराज्य की कल्पना, उन्होंने बताया कि नाट्य में शुरू से लेकर अंत तक हिंदवी स्वराज का ही वर्णन है।
सेवा मिशन के संयोजक संजय चतुर्वेदी ने बताया कि 8 अक्टूबर को भूमि पूजन के अवसर पर भारत माता की आरती की जायेगी। इस अवसर पर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य भी उपस्थित रहेंगे।
ये भी पढ़ें -मुख्यमंत्री योगी बोले- डॉक्टरों की बातों का लोगों पर होता है असर, रक्तदान को लेकर आप फैलाएं जागरुकता
