पंचतत्व में विलीन हुए पूर्व विधायक अनिल दोहरे, अंतिम यात्रा में उमड़ी भीड़

Amrit Vichar Network
Published By Jagat Mishra
On

अखिलेश यादव बोले-सपा ने खोया सच्चा सिपाही, पार्टी में भरपाई होना मुश्किल

कन्नौज, अमृत विचार। समाजवादी पार्टी से लगातार तीन बार विधायक रहे अनिल दोहरे को श्रद्धांजलि देने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव उनके आवास पर पहुंचे। उन्होंने शोक संतृप्त परिजनों को सांत्वना देते हुए बताया कि सपा ने एक सच्चा सिपाही खो दिया। पार्टी में उनकी जगह भरपाई होना मुश्किल है। 

शुक्रवार सुबह पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, पूर्व कैबिनेट मंत्री रामआसरे विश्वकर्मा, पूर्व राज्यमंत्री रामवृक्ष यादव, पूर्व सांसद प्रदीप यादव समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता पूर्व विधायक अनिल दोहरे के नसरापुर स्थित आवास पर पहुंचे और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। अखिलेश ने उनकी पत्नी पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष सुनीता दोहरे को सांत्वना देते हुए कहा कि दुख की इस घड़ी में पूरी पार्टी उनके परिवार के साथ है। अनिल दोहरे के रूप में समाजवादी पार्टी ने अपना एक सच्चा सिपाही खो दिया है, उनकी भरपाई होना मुश्किल है।

21 - 2023-10-06T193602.554

इसके बाद उनके आवास से महादेवी घाट तक अंतिम यात्रा निकाली गई। आगे वाहन पर पूर्व विधायक का पार्थिव शरीर था और पीछे हजारों लोग पुष्पवर्षा करते हुए नारे लगा रहे थे-जब तक सूरज-चांद रहेगा, अनिल दोहरे का नाम रहेगा। रास्ते में भी लोगों ने अपने वाहन रोककर पूर्व विधायक को श्रद्धांजलि अर्पित की। महादेवी घाट पर उनके बेटे ने मुखाग्नि दी और पूर्व विधायक पंचतत्व में विलीन हो गए। 

22 (88)

लखनऊ पीजीआई में हो गया था निधन
पूर्व विधायक अनिल दोहरे का गुरुवार की शाम लखनऊ स्थित संजय गांधी पीजीआई में निधन हो गया था। वह लंबे समय से बीमार चल रहे थे। गुरुवार की देर रात उनका पार्थिव शरीर उनके कन्नौज-तिर्वा रोड स्थित ग्राम नसरापुर में आवास पर लाया गया, जहां अंतिम दर्शनों के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। इसके अलावा सपा के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता समेत अन्य राजनीतिक दलों के लोगों ने भी श्रद्धांजलि अर्पित की।  

23 (96)

कन्नौज आपके योगदान को हमेशा याद करेगा : भाजपा
समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक अनिल दोहरे के निधन पर भाजपा ने भी गहरा दुख जताया है। भाजपा जिलाध्यक्ष वीर सिंह भदौरिया ने उनके आवास पर जाकर शोक संतृप्त परिजनों को सांत्वना दी और बताया कि भले ही वह राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी थे, लेकिन उससे पहले एक अच्छे इंसान थे। वहीं, भाजपा से सदर विधायक एवं प्रदेश सरकार में समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण ने फेसबुक पर लिखा कि-अनिल भाईसाहब, अभी तो बहुत सारे काम साथ-साथ करने थे, कन्नौज आपके योगदान को और स्नेह को हमेशा याद करता रहेगा। उन्होंने अनिल दोहरे के साथ एक तस्वीर भी पोस्ट की है।

ये भी पढ़ें -बांदा : बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे पर बड़ा हादसा, ट्रक चालक व खलासी की मौत

संबंधित समाचार