सात फर्जी फर्मों से करोड़ों का लेनदेन, बरेली प्लाईवुड फैक्ट्री पर होगी कार्रवाई
जीएसटी की एसआईबी टीम ने गुरुवार को परसाखेड़ा स्थित फैक्ट्री पर मारा था छापा
बरेली, अमृत विचार। परसाखेड़ा स्थित बरेली प्लाईवुड फैक्ट्री पर गुरुवार को हुई छापेमारी में जीएसटी विभाग की विशेष अनुसंधान शाखा (एसआइबी) को फर्जी फर्मों से करोड़ों रुपये का लेनदेन का पता चला है। प्लाईवुड कारोबारी मौके पर इन फर्मों से की खरीद-फरोख्त के बिल भी नहीं दिखा सका। टीम ने छह लाख रुपये सीज करने के साथ ही कारोबारी को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है।
दो गाड़ियों से पहुंची एसआईबी की टीम ने गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे प्लाईवुड फैक्ट्री पर छापा मारा था। यहां पहुंचते ही फैक्ट्री के सभी गेट बंद कर दिए थे। अंदर मिले कर्मचारियों के फोन जमा करने के साथ ही बाहर से अंदर प्रवेश करने पर रोक पूरी तरह से लगा दी थी।
राज्यकर विभाग के एडिशनल कमिश्नर ग्रेड-1 ओपी चौबे ने बताया कि गोपनीय शिकायत पर ज्वाइंट कमिश्नर के नेतृत्व में टीम ने गुरुवार देर शाम तक जांच पड़ताल की। उन्होंने बताया कि साल 2022-23 और साल 2023-24 में सात फर्जी फर्मों के जरिये 688 लाख रुपये की प्लाई खरीद कर 123 लाख रुपये आईटीसी क्लेम लेने की शिकायत मिली थी।
टीम ने फैक्ट्री में मौजूद स्टाक का अभिलेखों से मिलान किया तो प्रथम दृष्टया मामला सही निकला। जांच में शाहजहांपुर की सात फर्जी फर्मों ऐसी मिली जिनका कोई नामोनिशान नहीं है। कारोबारी से ऐसी फर्मों जुड़े अभिलेख दिखाने को कहा तो वह समय मांगने लगा। जिसके बाद कारोबारी को नोटिस जारी करते हुए एक सप्ताह का समय दिया गया है। यह भी बताया कि फैक्ट्री में प्लाईवुड की खरीद फरोख्त को रखा छह लाख रुपये कैश सीज कर दिया गया है।
यह भी पढ़ें- बरेली: मजदूरों के रोजगार पर नहीं आएगा संकट, मनरेगा कार्यों को तत्काल मिलेगी वित्तीय स्वीकृति
