आगरा: ताजमहल का दीदार करना विदेशी पर्यटक को पड़ा भारी, मुख्य गुंबद की सीढ़ियों से उतरते समय पैर फिसला, घायल
आगरा। आगरा में ताजमहल का दीदार करना इटली के एक पर्यटक को भारी पड़ गया। ताजमहल के मुख्य गुंबद से उतरते समय विदेशी पर्यटक का पैर स्लिप कर गया, जिससे वो जमीन पर गिर पड़ा। वहीं मामले की जानकारी मिलते ही सीआइएसएफ के जवान मौके पर पहुंच गए। उन्होंने घायल पर्यटक को फौरन हास्पिटल में भर्ती कराया। इलाज के बाद पर्यटक जयपुर के लिए निकल गया। बताया जा रहा है कि पर्यटक दिल्ली से आगरा घूमने आया था।
जानकारी देते हुए एसीपी ताज सुरक्षा अरीब अहमद ने कहा कि इटली के 61 साल के पर्यटक गैरी शनिवार की सुबह ताजमहल देखने आए थे। करीब साढे़ 10 बजे वो ताज के मुख्य गुबंद से नीचे उतर रहे थे, तभी स्मारक की सीढ़ियों से अचानक उनका पैर फिसल गया, जिससे वह सीढ़ियों पर फिसलते हुए नीचे गिर गए। सूचना पर तत्काल cisf के जवानों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया। बताया जा रहा है कि मार्बल की सीढ़ियों से गिरने के कारण उनको पीठ और कंधे में हल्की चोट आई हैं। डाक्टरों ने उनका एक्सरे किया जहां किसी भी गहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं।
यह भी पढ़ें: रायबरेली में देश का सबसे बड़ा ड्राइविंग ट्रेनिंग और रिसर्च सेंटर बनकर तैयार
