Mahoba News: खाद की किल्लत से नाराज किसानों ने प्रदर्शन कर जताया विरोध, डीएम को ज्ञापन सौंप ये मांग रखी
महोबा में खाद की किल्लत से नाराज किसानों ने प्रदर्शन कर जताया विरोध।
महोबा में खाद की किल्लत से नाराज किसानों ने प्रदर्शन कर विरोध जताया। बुंदेलखंड किसान यूनियन ने डीएम को ज्ञापन सौंपकर खाद की कालाबाजारी पर रोक लगाने की मांग उठाई।
महोबा, अमृत विचार। खाद की बढ़ती किल्लत और कालाबाजारी के विरोध में बुदेलखंड किसान यूनियन ने प्रदर्शन कर नाराजगी जताई बाद में जिलाधिकारी मृदुल चैधरी को ज्ञापन सौंपकर खाद की कालाबाजारी पर रोक लगाए जाने की मांग की है। ज्ञापन में चेतावनी दी गई यदि किसानों को समय से सहकारी समितियों में खाद नहीं मिली तो किसान सड़को पर उतर कर धरना प्रदर्शन कर विरोध जताएगा। डीएम ने किसानों की समस्याओं पर निराकरण कराए जाने का आश्वास दिया।
बुंदेलखंड किसान यूनियन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रामकिशुन शर्मा के नेतृत्व में भारी संख्या में किसान जिलाधिकारी से मुलाकात करने पहुंचे, जहां पर किसानों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर खाद की किल्लत और धड़ल्ले से की जा रही कालाबाजारी से अवगत कराते हुए खाद की कालाबाजारी बंद कराए जाने की मांग की है।
ज्ञापन में बताया कि खाद की सहकारी समिति और प्राइवेट दुकानों पर कालाबाजारी की जा रही है, जिससे किसानों को खाद की समस्या से जूझना पड़ रहा है। रबी की बुवाई का महीना चल रहा है, लेकिन किसानों को डीएपी खाद न मिलने से समय से बुवाई नहीं कर पा रहे हैं, जिससे किसानों में आक्रोश पनप रहा है।
बुंदेलखंड किसान यूनियन के लोगों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए खाद की दुकानों और सहकारी समिति में बिना रोक टोक के धड़ल्ले से खाद की नीलामी की जा रही है, जिससे किसानों को खाद लेने के लिए लाइन पर लगा रहना पड़ता है खाद मुहैया नहीं हो पा रही है।
किसान नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते खाद की किल्लत दूर नहीं हुई तो किसानों की बुवाई पिछड़ जाएगी, जिससे उत्पादन क्षमता प्रभावित रहेगी। उन्होंने जल्द से जल्द किसानों की समस्याओं की समस्याओं का निराकरण कराए जाने की मांग की है। ज्ञापन देने वालों में बृजेश पाठक, अर्जुन सिंह, विष्णु उदइया सहित तमाम किसान नेता शामिल रहे।
