रामपुर : कौन कर गया नियम विरुद्ध कनेक्शन? नहीं ढूंढ़ पा रहा विभाग
गुरुवार को एक्सईएन ने गठित की थी जांच कमेटी, बिलासपुर तहसील के सुभाषनगर डिबडिबा का मामला
रामपुर, अमृत विचार। जेई द्वारा नियम विरुद्ध किए गए कनेक्शन के मामले में उपभोक्ताओं को नोटिस तो भेजे जा चुके हैं, लेकिन विभाग पांच दिन बीत जाने के बाद भी अपने ही जेई को नहीं ढ़ूंढ पा रहा है। मामले की जांच के लिए गुरुवार को एक्सईएन ने जांच कमेटी गठित कर दी थी। लेकिन अभी तक एसडीओ और जेई ने एक्सईएन की जांच रिपोर्ट नहीं सौंपी है।
बता दें कि वर्ष 2020 में बिलासपुर के सुभाषनगर डिबडिबा इलाके में जेई ने अपनी जेब गर्म कर 250 से 300 मीटर की केबिल खींचकर बूंदी की तरह कनेक्शन बांटे थे। मामले ने जब तूल पकड़ा तो जिम्मेदारों ने अपनी गर्दन बचाते हुए उपभोक्ताओं को नोटिस जारी कर दिए। गुरुवार को बिलासपुर डिवीजन के एक्सईएन कमरुद्दीन सिद्दीकी ने आनन-फानन में जांच कमेटी गठित कर दी थी। जिसमें अशोक नगर एसडीओ अभय सिंह और जेई जाहिद इकबाल को शामिल किया था। लेकिन, आज पांच दिन बीत जाने के बाद भी एसडीओ और जेई ने एक्सईएन को जांच रिपोर्ट नहीं सौंपी है। इस ढिलाई यह प्रतीत हो रहा है कि विभाग में भी अंदर झोल है। एसडीओ और जेई रोज आज-कल आज-कल कर मामले की जांच से बचना चाह रहे हैं। इधर, एक्सईएन का कहना है कि किस जेई ने कनेक्शन करवाए थे इसकी जानकारी नहीं हो पा रही है।
दो साल पहले हुआ था ट्रांसफर
सूत्रों की मानें तो जिस जेई ने रुपये लेकर नियम विरुद्ध कनेक्शन किए थे, उसका ट्रांसफर दो वर्ष पहले हो चुका है। इधर, विभाग भले ही जेई नहीं ढ़ूंढ़ पा रहा हो, लेकिन उपभोक्ताओं की इसकी सारी जानकारी है।
मौजूदा जेई सेटिंग कर दे देता कनेक्शन
सूत्रों के मुताबिक उसी इलाके का मौजूदा जेई बिना कनेक्शन दिलवाए सेटिंग से अवैध बिजली कनेक्शन दे देता है। कई उपभोक्ताओं से हफ्ता वसूली भी होती है। इधर, जैसे ही अधिकारियों की छापेमारी होती है तो वैसे ही जेई अवैध कनेक्शन धारक को सूचना दे देता है।
मामले जांच कमेटी गुरुवार को ही गठित की जा चुकी है, लेकिन अभी तक जांच रिपोर्ट क्यों नहीं सौंपी गई है यह जानकारी की जाएगी। दोषी को कार्रवाई जरूर होगी। - कमरुद्दीन सिद्दीकी, एक्सईएन, बिलासपुर डिवीजन।
ये भी पढे़ं : रजा लाइब्रेरी महोत्सव : बिखर जाएं तो हिन्दू, सिख, मुसलमां-जो मिल जाएं तो हम हिन्दोस्तान हैं...
