अयोध्या : मंडल के दस ज्वार खरीद केंद्रों में एक पर भी नहीं हुई खरीद

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पंजीकरण से किसानों ने मुंह मोड़ा, पहली बार लागू ज्वार खरीद योजना हुई फेल

अयोध्या, अमृत विचार। मोटे अनाज की उपलब्धता तय करने के लिए पहली बार समर्थन मूल्य पर लागू की गई ज्वार और मक्के की खरीद योजना धरातल पर नहीं उतर रही है। अयोध्या संभाग के जिलों में स्थापित दस खरीद केंद्रों में से एक पर भी छंटाक भर ज्वार और मक्का नहीं खरीदा गया है। नौ दिनों से खरीद केंद्रों पर तैनात कर्मचारी किसानों की बाट जोह रहे हैं।
  
सरकार की ओर से घोषित किए गए न्यूनतम समर्थन मूल्य पर बाजरा और मक्का की खरीद के लिए खरीद केंद्र खोल दिए गए हैं। यह खरीद केंद्र 1 अक्तूबर से खोले गए हैं लेकिन नौ दिन बीत जाने के बाद अभी तक एक भी किसान इन खरीद केंद्रों पर नहीं पहुंचा है। जिससे यहां बोहनी भी नहीं हो पाई है। इन खरीद केंद्रों पर किसान अपने बाजरा और मक्का की सरकारी दर पर बिक्री कर सकते हैं। यहां बारदाना उपलब्ध है इसके साथ ही कर्मचारी भी तैनात कर दिए गए हैं। सरकार की ओर से बाजरा का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2500 रुपया प्रति कुंतल घोषित किया गया है जबकि मक्का खरीद के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य 2090 रुपया प्रति कुंतल निर्धारित किया गया है। जो केंद्र खोले गए हैं उन पर इन्हीं समर्थन मूल्य पर किसान की उपज की खरीद की जाएगी। 

खाद्य एवं विपणन विभाग द्वारा अयोध्या संभाग में कुल स्थापित कुल ज्वार क्रय केंद्रों की संख्या 10 है। जिसमें अयोध्या में 3, सुल्तानपुर में 3 और जनपद अमेठी में 4 क्रय केंद्र हैं। बताया जा रहा है तो किसानों ने पंजीकरण से ही मुंह मोड़ा रखा है जिसके कारण खरीद शुरू नहीं हो पा रही है।

पंजीकरण के लिए है ऑनलाइन व्यवस्था 
किसानों को ज्वार और बाजरा बिक्री के लिए कृषि और विपणन विभाग द्वारा प्रोत्साहित किया जा रहा है। अभी तक खरीद शुरू नहीं हुई है, उम्मीद है कि 15 अक्टूबर के बाद खरीद होगी। पंजीकरण के लिए आनलाइन व्यवस्था है।
- अजित प्रताप सिंह, डिप्टी आरएमओ, अयोध्या

ये भी पढ़ें -अयोध्या : आपात कटौती के नाम पर बंद की बिजली सप्लाई, पूराबाजार के तीन फीडरों से जुड़े 143 मजरे अंधेरे में डूबे

संबंधित समाचार