Etawah: मुलायम सिंह की प्रथम पुण्यतिथि पर होगी श्रद्धांजलि सभा, सैफई में तैयारियां पूरी, प्रदेश भर से नेता जुटेंगे

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

इटावा में मुलायम सिंह की प्रथम पुण्यतिथि पर होगी श्रद्धांजलि सभा।

इटावा में मुलायम सिंह की प्रथम पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा होगी। इसके लिए सैफई में तैयारियां पूरी हो गई। इसमें प्रदेश भर से नेता भी जुटेंगे।

इटावा, अमृत विचार। समाजवादी पार्टी के संस्थापक नेताजी मुलायम सिंह यादव की प्रथम पुण्यतिथि पर  सैफई में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया जाएगा। जिसकी तैयारियों  को सोमवार की शाम अंतिम रूप दिया गया। नेताजी का 10 अक्टूबर 2022 को गुड़गांव के मेदांता अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया था।

जिनका अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव सैफई में किया गया था। मंगलवार को उनकी प्रथम पुण्यतिथि पर सैफई महोत्सव ग्राउंड में बने समाधि स्थल पर भव्य श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया जाएगा। जहां सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, राष्ट्रीय महासचिव प्रोफेसर रामगोपाल यादव, शिवपाल सिंह यादव, सांसद डिंपल यादव, पूर्व सांसद धर्मेंद्र यादव,पूर्व सांसद तेजप्रताप यादव, पूर्व सांसद अक्षय यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष अभिषेक यादव,जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष अंकुर यादव, सहित परिवार के सभी सदस्य मौजूद रहेंगे।

जहां प्रदेश भर से आने वाले पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता समाधि स्थल पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में भाग लेंगे। जिसके लिए वाटरप्रूफ पांडाल तैयार किया गया है, बैठने के लिए कुर्सियां एवं सोफा लगाए गए है। मंच भी बनाया गया है। तैयारी को देखने के लिए सपा के प्रमुख राष्ट्रीय महासचिव प्रोफेसर रामगोपाल यादव भी सोमवार के दोपहर समाधि स्थल पर पहुंचे और वहां बारीकी से व्यवस्थाएं देखी।

पूर्व मुख्यमंत्री के निजी सचिव विजय शाक्य, प्रदेश प्रवक्ता अशोक यादव, सपा के जिला अध्यक्ष गोपाल यादव,संतोष शाक्य पूर्व प्रधान सोमवार को पूरे दिन तैयारियां पूर्ण कराने में लग रहे और देर शाम तक अंतिम रूप दे दिया गया। विजय शाक्य नें बताया कि मंगलवार सुबह 10 बजे से श्रद्धांजलि कार्यक्रम संपन्न होगा जो की 2 बजे तक चलेगा। इससे पहले सपा मुखिया पारिवारिक सदस्यों के साथ साढ़े आठ बजे से सैफई स्थित आवास पर शांति यज्ञ पाठ में भाग लेंगे।

संबंधित समाचार