प्रयागराज: कोर्ट ने भोजपुरी अभिनेत्री आकांक्षा दूबे आत्महत्या मामले में राज्य सरकार से मांगा जवाब

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

प्रयागराज। इलाहाबाद हाईकोर्ट में भोजपुरी अभिनेत्री और मॉडल आकांक्षा दूबे की वाराणसी के एक होटल के कमरे में संदिग्ध मौत के लगभग 6 महीने बाद उनकी मां ने इस मामले की सीबीआई जांच करने की मांग करते हुए याचिका दाखिल की है, जिस पर सुनवाई करते हुए कोर्ट ने राज्य सरकार व विपक्षियों से तीन हफ्ते में जवाब मांगा है, साथ ही याचिका को पांच हफ्ते बाद सुनवाई हेतु प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है। 

यह आदेश न्यायमूर्ति अंजनी कुमार मिश्र तथा न्यायमूर्ति विवेक सिंह की खंडपीठ ने मृतका की मां मधु दूबे की आपराधिक याचिका पर आर्य सुमन पांडेय, सीबीआइ की तरफ से संजय कुमार यादव व राज्य सरकार की तरफ से अपर शासकीय अधिवक्ता के तर्कों को सुनने के बाद दिया है।

 याचिका में दर्ज तथ्यों के अनुसार अभिनेत्री आकांक्षा एक फिल्म की शूटिंग के लिए वाराणसी में थीं और शूटिंग खत्म होने के बाद वह अपने सारनाथ स्थित होटल में गईं, जहां गत 26 मार्च 2023 को संदिग्ध हालत में वह मृत पाई गईं। आकांक्षा के परिवारवालों ने भोजपुरी गायक समर सिंह पर अभिनेत्री को खुदकुशी के लिए उकसाने का आरोप लगाते हुए उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने समर सिंह व एक अन्य के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की है। अभी विवेचना जारी है। 

अभिनेत्री की मां याची मधु दूबे ने याचिका में पुलिस विवेचना पर गंभीर सवाल उठाते हुए कोर्ट को बताया कि फॉरेंसिक साइंस लैबोरेट्री की रिपोर्ट में शुक्राणु की उपस्थिति की पुष्टि करने के बावजूद आईपीसी की प्रासंगिक धाराओं को आरोप पत्र में नहीं जोड़ा गया। यहां तक कि आरोपी व्यक्ति का डीएनए परीक्षण भी रिकॉर्ड पर उपलब्ध नहीं है। यह स्पष्ट है कि प्रारंभिक चरण से मामले की जांच दागदार है।

इस बात की भी प्रबल संभावना है कि सीसीटीवी फुटेज के साथ छेड़छाड़ की गई है और स्थानीय पुलिस अपराधियों से मिली हुई है। यहां तक कि होटल के कमरे को भी स्थानीय पुलिस ने जल्दबाजी में खोल दिया था। मालूम हो कि मामले में आरोपी संजय सिंह को ट्रायल कोर्ट से पहले ही जमानत मिल चुकी है और समर सिंह की जमानत याचिका फिलहाल हाईकोर्ट में लंबित है।

यह भी पढ़ें: लखनऊ में डेंगू के 30 नये मरीज मिले, सात घरों को नोटिस जारी

संबंधित समाचार