गोंडा: पुलिस के सामने दबंगों ने महिला को जमकर पीटा, देखें वीडियो...
गोंडा। वजीरगंज थाना क्षेत्र के करदा गांव में मंगलवार को विवाद सुलझाने पहुंची पुलिस के सामने ही दबंगों ने एक महिला की पिटाई कर दी और उसे धक्का देकर गिरा दिया। कंटीले तार पर गिरने से महिला गंभीर रूप से घायल हो गयी।
इस दौरान पुलिस मूक दर्शक बनी खड़ी रही। पुलिस की मौजूदगी में दबंगई का यह विडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई की है।
वजीरगंज थाना क्षेत्र का ग्राम पंचायत करदा की रहने वाली पीड़िता कंचन सिंह सोमवार की दोपहर अपने घर के सामने दरवाजे पर लगे घास और जंगली झाड़ियों को साफ कर रही थी। साफ-सफाई से नाराज होकर के गांव के ही दबंग पीड़ित महिला के साथ गाली-गलौज करते हुए घास-फूस साफ करने का विरोध करने लगे। जब पीड़ित महिला ने विरोध जताया तो दबंग मारपीट पर आमादा हो गए।
भयभीत महिला ने इसकी सूचना डायल 112 पर देकर पुलिस बुला ली। पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ले रहे थे कि एक दबंग युवक महिला पर टूट पड़ा और पुलिसकर्मियों के सामने ही महिला की पिटाई कर उसे सडक किनारे खेत में धकेल दिया। खेत में लगे कंटीले तार पर गिरने से महिला गंभीर रूप से घायल हो गयी।
पुलिस कर्मियों की मौजूदगी के बीच महिला के साथ मारपीट और उसे धक्का देने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है वहीं पीड़िता ने गांव के ही रूपेश सिंह, अतेश सिंह व लीलावती के खिलाफ वजीरगंज थाने में तहरीर दी है।
वजीरगंज पुलिस वायरल वीडियो और दी गई तहरीर के आधार पर जांच करके कार्रवाई करने में जुटी है।
थानाध्यक्ष अभय सिंह ने बताया कि एक पीड़ित महिला के साथ कुछ दबंगों ने मारपीट किया है। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो का संज्ञान लिया गया है। पीड़िता द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर आरोपी रूपेश सिंह, अतेश सिंह व लीलावती के खिलाफ शान्ति भंग के तहत कार्रवाई कर मामले की जांच की जा रही है।
गोंडा में पुलिस के सामने महिला को दबंगों ने पीटा - Video viral pic.twitter.com/jcGQomxR8w
— amrit vichar (@amritvicharlko) October 10, 2023
यह भी पढ़ें: बदायूं: ट्रक में पीछे से घुसा दूसरा ट्रक, चालक की मौत...हेल्पर घायल
