बरेली: प्रधानमंत्री मोदी के आने से पहले रातों-रात बनी सड़क
कई महीनों से बदहाल पीलीभीत रोड पर रोजाना धूल के गुबार के बीच ठोकरें खा रहे थे लोग
बरेली, अमृत विचार। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को उत्तराखंड दौरे पर जाते हुए चेंजओवर के दौरान करीब 10 मिनट तक त्रिशूल एयरबेस पर रहेंगे। उनके आगमन से कई महीनों से बदहाल पीलीभीत रोड की किस्मत भी चमक गई। धूल के गुबार के बीच रोजाना हजारों लोग इस रोड से गुजरते समय अफसरों को कोसते थे। प्रधानमंत्री के वीवीआईपी मूवमेंट के चलते डीएम रविंद्र कुमार ने जल निगम ग्रामीण के अफसरों को दो दिन में हर हाल में सड़क का निर्माण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए तो रातों रात सड़क डलवाना शुरू कर दी गई।
अफसरों ने दावा किया मंगलवार को करीब एक किलोमीटर सड़क बना दी गई। दरअसल, नमामि गंगे परियोजना के तहत बैरियर टू से डोहरा मोड़ तक सड़क की खुदाई कर सीवर लाइन बिछाई गई है। करीब छह महीने से यह सड़क ऊबड़ खाबड़ होने की वजह से पैदल चलने लायक तक नहीं बची। पीलीभीत से बरेली की तरफ आने वाले हजारों लोगों के लिए पीलीभीत रोड एक बड़ी समस्या बनी थी। बारिश में हालत ज्यादा खराब होने पर गड्ढों में बरसाती पानी भरने से हादसों का डर रहता था। जल निगम के अफसर पांच सितंबर से सड़क बनवाने का दावा कर रहे थे। आखिर प्रधानमंत्री का आना वरदान साबित हो गया।
ये भी पढ़ें- बरेली: बीआईयू कॉलेज ऑफ फार्मेसी में हुआ एक दिवसीय सेमिनार, दवा उद्योग के बारे में जाना
