Kanpur: इधर कमिश्नर ने दिया आदेश, उधर फंस गई एंबुलेंस, आधे घंटे के बीच का अंतर, पुलिस ऑफिस के बाहर ही लगा जाम
कानपुर में पुलिस कमिश्नर के आधे घंटे के आदेश के बाद ही पुलिस ऑफिस के बाहर एंबुलेंस जाम में फंस गई।
कानपुर में पुलिस कमिश्नर के आधे घंटे के आदेश के बाद ही पुलिस ऑफिस के बाहर एंबुलेंस जाम में फंस गई। कचहरी में बेतरतीब खड़े वाहनों के कारण रोजाना जाम लगता है।
कानपुर, अमृत विचार। पुलिस कमिश्नर ने आदेश दिया है कि यदि कहीं भी जाम में एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड की गाड़ी फंसी तो संबंधित पुलिसवालों पर कार्रवाई की जाएगी। इन वाहनों को प्राथमिकता के आधार पर पास कराने के निर्देश दिए गए हैं। अभी कमिश्नर ने यह आदेश जारी ही किया था कि करीब आधे घंटे बाद पुलिस ऑफिस के बाहर ही कचहरी में बेतरतीब खड़े वाहनों के कारण जाम लग गया। जिसमें करीब 15 मिनट तक एंबुलेंस फंसी रही।
पुलिस कमिश्नर ने मंगलवार दोपहर 12.41 बजे आदेश जारी किया कि अगर एंबुलेंस या फायर ब्रिगेड जाम में फंसी तो कार्रवाई होगी। आदेश देने के महज आधे घंटे के बाद ही पुलिस कमिश्नर ऑफिस के सामने एक एंबुलेंस जाम में फंस गई। पुलिस वहां खड़े अधिवक्ताओं के वाहनों को जान कर भी नजरअंदाज करती है। जाम लगने के समय ट्रैफिक पुलिस कर्मी भी मौजूद नहीं थे। जाम का वीडियो आने के बाद पुलिस अफसर चुप्पी साधे हुए हैं।
ये कहा है कमिश्नर ने
पुलिस कमिश्नर डॉ. आर के स्वर्णकार ने जारी आदेश में कहा कि टाटमिल में जाम में फंसकर एक मरीज की जान चली गई थी। ऐसी घटना की पुनरावृत्ति न हो इसलिए एंबुलेंस एवं अग्निशमन वाहन को प्राथमिकता के आधार पर पास कराएं। यह जिम्मेदारी प्रत्येक जोन की यातायात व्यवस्था में लगे प्रत्येक पुलिसकर्मी की है। सभी जोन के डीसीपी और डीसीपी यातायात इसका गंभीरता से पालन कराना सुनिश्चित करें।
किसी जरूरतमंद की जान जाम में फंसने से इलाज के अभाव में न जाए। एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को रास्ता न देने वाले वाहनों का नियमानुसार चालान करते हुए वाहन चालक के विरूद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करें। चेक किया जाए कि उक्त प्रकार के वाहनों को कौन रास्ता नहीं दे रहा है। यह सुनिश्चित किया जाए कि ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मी एम्बुलेंस व अग्निशमन वाहन को प्राथमिकता के आधार पर रास्ता दिलाएं, किसी भी परिस्स्थित में एम्बुलेंस व अग्निशमन वाहन जाम में न फंसने पाएं।
