Chitrakoot News: गौशालाएं न बनवाने पर प्रधानों को जारी करें नोटिस, बैठक में जिलाधिकारी ने दिए ये निर्देश
चित्रकूट में बैठक में जिलाधिकारी ने अधिकारियों के साथ बैठक की।
चित्रकूट में बैठक में जिलाधिकारी ने अधिकारियों के साथ बैठक की। जिलाधिकारी ने गौशालाएं न बनवाने पर प्रधानों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
चित्रकूट, अमृत विचार। जिलाधिकारी अभिषेक आनंद ने खंड विकास अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन गांवों में गौशालाएं नहीं बनी हैं, वहां के प्रधानों को नोटिस जारी की जाए। बुधवार को डीएम ने निराश्रित गोवंशों के भरण पोषण एवं संरक्षण, नंदबाबा मिशन के अंतर्गत मुख्यमंत्री प्रगतिशील पशुपालक प्रोत्साहन योजना के क्रियान्वयन के संबंध में बैठक की।
डीएम ने मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को हिदायत दी कि सीएम डैशबोर्ड पर सहभागिता की स्थिति में सुधार कराएं। डीएम ने कहा कि सड़कों पर कोई गोवंश दिखाई नहीं देना चाहिए। डीएम ने कहा कि कर्वी और पहाड़ी में गौशालाओं में टीन शेड की व्यवस्था ठीक नहीं है। ठंड के मौसम में मवेशी खुले में नहीं रखें।
सीडीओ को निर्देश दिए कि सभी बीडीओ को इस संबंध में पत्र लिखें। उन्होंने सभी उप जिलाधिकारियों को भी निर्देशित किया कि कब्जा भूमि की रिपोर्ट भेजें। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी सुभाष चंद्र को चरवाहों का भुगतान जल्द से जल्द कराने के निर्देश भी दिए। बैठक में सीडीओ अमृतपाल कौर, एसडीएम कर्वी सौरभ यादव, मानिकपुर रामजन्म यादव, मऊ राकेश कुमार पाठक आदि अधिकारी मौजूद रहे।
हाईवे से मवेशियों को न ले जाएं
बैठक में जिलाधिकारी ने अधिकारियों को ताकीद की कि इस बात का ध्यान रखें कि मऊ और रामनगर के चरवाहे मवेशियों को हाईवे से न ले जाकर किसी अन्य सड़क से चारागाह में ले जाएं। फसल का मौसम है और ऐसे में बैठक कर सुनिश्चित करें कि गोवंशों का भरण पोषण गौशाला में किया जाए।
अभियान चलाकर करें गोवंश संरक्षण
जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारी लालजी को निर्देश दिए कि बेडी पुलिया से यूपीटीयू तक व सोनेपुर रोड पर गोवंश दिखाई देते हैं। इनको विशेष अभियान चलाकर गौशालाओं के अंदर कराएं और दो दिन के अंदर रिपोर्ट दें। इसी प्रकार ईओ राजापुर को निर्देशित किया कि यमुना पुल से तुलसी चौराहे तक अन्ना मवेशियों का विचरण है, इनको गौशालाओं के अंदर कराएं। तहसीलदार राजापुर को समय समय पर इसे देखने को भी कहा।
