Banda: पं.जेएन कॉलेज में सीटें न बढ़ाए जाने पर छात्रों ने दी अनशन की चेतावनी, कलेक्ट्रेट पहुंचकर की नारेबाजी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बांदा में छात्रों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर की नारेबाजी।

बांदा में छात्रों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर नारेबाजी करने के साथ कुलपति को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा। पं.जेएन कॉलेज में सीटें न बढ़ाए जाने पर छात्रों ने अनशन की चेतावनी दी।

बांदा, अमृत विचार। पं.जवाहरलाल नेहरू महाविद्यालय में बीए, बीएससी, बीकॉम और एमए में प्रवेश के लिये सीटों की कमी होने से सैकड़ों छात्र-छात्राएं प्रवेश से वंचित रह गये। बुधवार को महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने नारेबाजी के साथ प्रदर्शन कर कुलपति को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा और उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिये महाविद्यालय की सभी कक्षाओं में पर्याप्त सीटें बढ़ाए जाने की मांग की।

उधर, छात्र नेताओं ने झांसी पहुंचकर बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के कुलपति को संबोधित ज्ञापन उनके निजी सचिव को सौंपते हुए हर कक्षा में दो-दो सेक्शन बढ़ाए जाने की मांग दोहराई। साथ ही मांगें पूरी न होने पर अनशन की चेतावनी दी।

बुंदेलखंड में रोजगार तो दूर की बात है अब उच्च शिक्षा भी मिल पाना दूभर होता जा रहा है। साल दर साल उच्च शिक्षा के लिये छात्र-छात्राओं की संख्या में इजाफा हो रहा है, जबकि बुंदेलखड विश्वविद्यालय सीटों में बढ़ोत्तरी नहीं कर रहा है, जिसकी वजह से हर साल सैकड़ों छात्र प्रवेश से वंचित रह जाते हैं। सीटें बढ़ाए जाने के नाम पर विश्वविद्यालय ने इतनी कम सीटें बढ़ाईं कि वह ऊंट के मुंह में जीरा साबित हुईं।

प्रवेश फॉर्म वितरण करने को मंगलवार को महाविद्यालय प्रशासन ने पहले आओ-पहले पाओ का नियम लागू कर काउंटर खुलवाए, जिसकी वजह से प्रवेश फॉर्म पाने को लूट मच गई। प्रवेश फॉर्म जिन्हें मिल पाए उनकी तो बल्ले-बल्ले हो गई, लेकिन जिन्हें नहीं मिले उनके हाथ एक बार फिर निराशा हाथ लगी।

छात्रनेताओं की अगुवाई में छात्र-छात्राओं ने बीए, बीएससी, बीकॉम और एमए में 2 सेक्शन सीटें बढ़ाये जाने की मांग को लेकर कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन किया और बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के कुलपति से सम्बोधित ज्ञापन महाविद्यालय के प्राचार्य को ज्ञापन सौंपा। साथ ही मांगें न पूरी होने पर अनिश्चितकालीन अनशन की चेतावनी दी।

इस मौके पर छात्रनेता अभय प्रताप सिंह, शैलेन्द्र कुमार वर्मा, यशराज गुप्ता, नन्ना तिवारी, दीपक गुप्ता, विक्रम सिंह, साजिद, योगेंद्र पाल, गौरव सिंह, उदय प्रताप सिंह, शैलेन्द्र पटेल, पूजा, रीना, ज्योति, आरती अमीषा, कोमल, स्वाति, काजल, अंकिता समेत सैकड़ों छात्र छात्राएं मौजूद रहे। उधर, बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के छात्रनेता लव सिन्हा की अगुवाई में दर्जनों छात्रों ने बुंदेलखंड विश्वविद्यालय झांसी पहुंचकर कुलपति व रजिस्टार को संबोधित ज्ञापन कुलपति की नामौजूदगी में उनके निजी सचिव अनिल बोरे को सौंपा।

जिसमें बुंदेलखंड विश्वविद्यालय से संबद्ध शासकीय एवं अर्धशासकीय सभी महाविद्यालयों के पाठ्यक्रमों के दो-दो अनुभाग बढ़ाए जाने की मांग की ताकि ज्यादा से ज्यादा छात्र प्रवेश पा सकें। इस मौके पर छात्र नेता अभिषेक यादव, अभिषेक परिहार, नितिन यादव, भूरा निषाद, नीतीश, नीरव सिंह, अजय पंडित, रुद्र सिंह, उमेश पाल, हिमांशु गौतम, प्रशांत, अभि गुप्ता आदि मौजूद रहे।

 

संबंधित समाचार