Kanpur Farmer Suicide Case: भाजपा नेता ने लगाई अग्रिम जमानत की याचिका, एक माह से पुलिस को चकमा देकर फरार
कानपुर में किसान आत्महत्या मामले में भाजपा नेता डॉ. प्रियरंजन दिवाकर ने अग्रिम जमानत की याचिका लगाई।
कानपुर में किसान आत्महत्या मामले में भाजपा नेता डॉ. प्रियरंजन दिवाकर ने अग्रिम जमानत की याचिका लगाई। बीते एक माह से एक लाख का इनामी भाजपा नेता फरार है। धोखाधड़ी कर किसान से जमीन हड़पने का आरोप है।
कानपुर, अमृत विचार। चकेरी में किसान बाबू सिंह यादव की करोड़ों की जमीन जालसाजी कर हड़पने का आरोपग भाजपा नेता डॉ प्रियरंजन आशु दिवाकर ने एक बार फिर हाईकोर्ट में अग्रिम जमानत की याचिका लगाई है, जिसकी सुनवाई 13 अक्टूबर को की जाएगी। इससे पहले भी भाजपा नेता ने कोर्ट में अग्रिम जमानत की अर्जी लगाई थी, जिसे कोर्ट ने खारिज कर दिया था। भाजपा नेता किसान की आत्महत्या के बाद से बीते एक माह से फरार चल रहा है।
चकेरी निवासी किसान बाबू सिंह यादव ने बीते नौ सिंतबर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाम सुसाइड नोट लिख कर ट्रेन के आगे कूद कर आत्महत्या कर ली थी। मृतक की पत्नी बिटान, बेटी रूबी और काजल ने भाजपा नेता और बाल आयोग के सदस्य डॉ प्रियरंजन आशु दिवाकर पर किसान की साढ़े छह बीघा जमीन धोखाधड़ी कर हड़पने का आरोप लगाया था।
परिजनों की तहरीर पर चकेरी पुलिस ने भाजपा नेता प्रियरंजन, बब्लू यादव, राहुल जैन, मधुर पांडेय, शिवम सिंह चौहान, जितेंद्र यादव के खिलाफ धोखाधड़ी, आत्महत्या के लिए उकसाने समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की थी। पुलिस ने दो आरोपी राहुल जैन व मधुर पांडेय को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। अन्य आरोपी घटना के एक माह बीतने के बाद भी फरार चल रहे हैं।
बुधवार को पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटना के मुख्य आरोपी प्रियरंजन आशु दिवाकर ने हाईकोर्ट में अग्रिम जमानत याचिका कोर्ट में डाली है, जिस पर 13 अक्टूबर को सुनवाई होनी है। पुलिस आरोपी की जमानत याचिका खारिज करवाने की तैयारी कर रही है।
बाल आयोग के अध्यक्ष से कार्रवाई की मांग
न्याय संघर्ष समिति ने बुधवार को उत्तर प्रदेश बाल संरक्षण आयोग के अध्यक्ष डॉ देवेंद्र शर्मा को पत्र लिख कर भाजपा नेता के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पत्र में लिखा गया कि फरार भाजपा नेता को बाल संरक्षण आयोग से हटाया जाए। वहीं बाबू सिंह प्रकरण में फरार भाजपा नेता पर मुनादी व कुर्की की कार्रवाई अब तक नहीं होने से मृतक के परिजनों ने आक्रोश जताया है।
बेटी रूबी और काजल ने बताया कि पुलिस कमिश्नर और ज्वांइट पुलिस कमिश्नर ने फरार आरोपियों पर जल्द कुर्की की कार्रवाई करने का आश्वासन दिया था। सपा नेता अभिमन्यु गुप्ता ने बताया कि ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर आनंद प्रकाश तिवारी ने बताया कि भाजपा नेता ने जिला न्यायालय में अग्रिम जमानत की याचिक दाखिल की है, जिस कारण कुर्की की कार्रवाई रुक गई है।
