बहराइच : मोबाइल से बात करते समय छत से गिरकर कनिष्ठ सहायक की मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बहराइच, अमृत विचार। कृषि विभाग में तैनात देवरिया निवासी कनिष्ठ सहायक रात में मोबाइल से बात करते समय छत से नीचे गिर गए। पानी में वह काफी देर तक पड़े रहे, जिससे उनकी मौत हो गई। मकान मालिक की सूचना पर पुलिस ने लाश को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

देवरिया जिले के थाना क्षेत्र के गौरा गांव निवासी संतोष शर्मा पुत्र हरिशंकर जनपद में कृषि विभाग में कनिष्ठ सहायक के पद पर तैनात थे। वह कोतवाली देहात के मोहल्ला सरस्वती नगर निवासी कमलेश के मकान में किराए पर रहते थे। बुधवार देर रात को छत पर वह मोबाइल पर किसी से बात कर रहे थे, तभी संतुलन बिगड़ गया और नीचे जा गिरे। मकान मालिक कमलेश ने रात में कमरे का दरवाजा खुला देख कनिष्ठ सहायक की तलाश शुरू की तो देखा कि नीचे पानी में वह पड़े थे। पास के अस्पताल में ले गए तो डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। जिस पर सूचना पुलिस को दी गई। 

कोतवाली देहात के प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार पांडे ने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि देवरिया से परिवार के लोग भी आ गए हैं। मालूम हो कि दो माह पूर्व ही कनिष्ठ सहायक का स्थानांतरण जिले में हुआ था। उनका प्रमोशन भी होने वाला था।

ये भी पढ़ें -बहराइच : सड़क हादसे में किशोरी की मौत, मां समेत तीन घायल

संबंधित समाचार