सुलतानपुर डॉक्टर हत्याकांड : चिकित्सक की पत्नी से मिलकर सांसद ने व्यक्त की शोक संवेदना

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पीड़िता ने सीबीआई जांच व स्थाई नौकरी के लिए दिया मांग पत्र

लंभुआ/ सुलतानपुर, अमृत विचार। सांसद मेनका गांधी चिकित्सक  डॉ घनश्याम तिवारी के पैतृक गांव  सखौली  पहुंच कर पीड़िता निशा तिवारी से मिली और शोक संवेदना व्यक्त की। मुलाकात के दौरान चिकित्सक की पत्नी गुस्से भरे लहजे में शिकायत करते हुए कहा कि पुलिस कहती है कि मैं आरोपी अजय नारायण को गिरफ्तार किया, तो मेरा कहना है कि उसे गिरफ्तार नहीं किया गया, उसने आत्मसमर्पण किया।

सांसद ने कहा कि वह जेल में है न, तो पीड़िता ने कहा कि वह लोग बड़े-बड़े रसूख वाले हैं। दो महीने में छूट जाएंगे। पीड़िता ने संसद से कहा कि मेरा आपसे मिलने का मन नहीं था, लेकिन मैं आपका सम्मान करती हूं। इसलिए मैं आपसे मिली। 

पीड़िता ने कहा कि मेरे साथ निष्पक्षता से न्याय नहीं हो रहा है। नौकरी के नाम पर मेरे साथ मजाक किया गया। मुझे पांच हजार की नौकरी दी गई। मुझे स्थाई नौकरी चाहिए। मुझे आपसे और योगी जी से किसी से भी उम्मीदें नहीं है। मेरे साथ शुरू से ही लीपापोती हो रही है। मुझे किसी पर भरोसा नहीं है। मुझे एक करोड़ मुआवजे की राशि योगी सरकार से दिलाने  के लिए डीएम ने लिखित आश्वासन दिया था। लेकिन मुझे 10 लाख रुपये का चेक दिया गया। मैं किसी से भीख नहीं मांग रही हूं। मुझे जितने भी आश्वासन दिए गए थे, सब ठंडे बस्ते में डाल दिए गए। 

सांसद ने कहा की आपको हमदर्दी के कारण चेक दिया गया, जबकि जमीनी मामले में हत्या होने पर कानूनन मुआवजा नहीं दिया जाता है। जो आपके साथ हुआ बहुत बुरा हुआ। 40 दिन अभी नहीं बीते हैं, मन को शांत रखो। पूजा पाठ करो। आपको स्थाई नौकरी मिल जाएगी। सांसद ने कहा कि आपकी कानूनन मदद की गई है और मदद की जा रही है। सांसद ने पीड़िता को न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया। पीड़िता ने सांसद को जाते समय सीबीआई मांग व स्थायी  नौकरी के लिए पत्र सौंपा। मौके पर पूर्व मंत्री ओम प्रकाश पांडेय, डॉ सीता शरण त्रिपाठी, सांसद प्रतिनिधि रणजीत कुमार, रमेश द्विवेदी आदि मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें -हरदोई में राजमाता की जयंती पर सम्मानित हुईं महिलाएं, BJP जिलाध्यक्ष और समाजसेवी ने दी श्रद्धांजलि

संबंधित समाचार