मुरादाबाद: विमानों की उड़ान को आखिरी अड़चन भी दूर, लाइसेंस का इंतजार
डीजीसीए की टीम ने 23-25 अगस्त तक किया था निरीक्षण, पहले चरण में 19 सीटर विमान सेवा लखनऊ, बरेली, बेंगलुरू आदि के लिए शुरू होगी
मुरादाबाद, अमृत विचार। मूंढापांडे के भदासना हवाई अड्डे से बरेली, दिल्ली, बेंगलुरु के लिए विमानों की उड़ान में सुरक्षा व अन्य खामियों को दूर कर आखिरी अड़चन भी दूर कर ली गई है। अब केवल नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) से लाइसेंस का इंतजार है। पहले चरण में यहां से 19 सीटर विमान सेवा शुरू होगी।
दो साल से मूंढापांडे के हवाई पट्टी को विकसित कर हवाई अड्डा के रूप में बनाने का काम पूरा होने के बाद विमानों के उड़ान की हरी झंडी का इंतजार लोगों को है। यहां कई बार टीमें आईं और गईं। लेकिन, हरी झंडी नहीं मिली। इस साल 23-25 अगस्त तक डीजीसीए की टीम ने सुविधाओं को परखा था। टीम में शामिल विशेषज्ञों उप निदेशक सुनील राठी, संयुक्त निदेशक सीमा, नरेश मीना, हरि कुमार, जीएम एयरोड्रम लाइसेंसिंग एलडी मोहंती आदि ने टर्मिनल भवन, रनवे, कंट्रोल रूम एयर कंट्रोल ट्रैफिक सिस्टम, सुरक्षा, आपरेशनल बिंदुओं की कमी बताकर इसे जल्द दूर कराने का निर्देश देते हुए सैद्धांतिक रूप से विमानों की उड़ान को हरी झंडी दे दी थी।
जिसके बाद उड़ान शुरू होने की उम्मीद जग गई। लेकिन, टीम के द्वारा गिनाई गई कमियों को दूर कर हवाई अड्डा प्राधिकरण ने रिपोर्ट भेजी तो उसमें भी कुछ तकनीकी कमी डीजीसीए मुख्यालय से लग गई। जिससे अक्टूबर के पहले सप्ताह में उड़ान शुरू होने की उम्मीद धूमिल हो गई। अब हवाई अड्डा प्राधिकरण ने आखिरी कमियों को भी दूर कर रिपोर्ट भेज दी है। इसके बाद सभी की निगाहें उड़ान के लिए डीजीसीए निदेशालय से लाइसेंस जारी होने पर टिक गई है। यहां से विमान सेवा शुरू होने से पीतलनगरी के निर्यातकों, शिल्पकारों को देश के अन्य प्रमुख स्थानों से सीधा जुड़ाव होगा। जिसका लाभ मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने भी ली है रूचि
मुरादाबाद के भदासना हवाई अड्डे से विमान सेवा शुरू करने में खुद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रूचि ली तो स्थानीय प्रशासन भी जुट गया। शासन के अपर मुख्य सचिव ने यहां औचक निरीक्षण कर काम को जल्द पूरा कराने के निर्देश दिया था।
कमियों को हवाई अड्डा प्रशासन ने कर लिया है दूर
अगस्त में आई डीजीसीए की टीम के द्वारा बताई गई कमियों को हवाई अड्डा प्राधिकरण ने दूर कर रिपोर्ट निदेशालय को भेज दी है। आखिरी अड़चन भी दूर हो गई है। अब डीजीसीए के महानिदेशक के द्वारा लाइसेंस जारी होने का इंतजार है। इस महीने के अंत तक लाइसेंस मिलने की पूरी उम्मीद है। गुलाब चंद, अपर जिलाधिकारी प्रशासन एवं नोडल हवाई अड्डा
ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद: अभिनेत्री जयाप्रदा के मामले की अगली सुनवाई 18 को होगी, न्यायालय ने जारी किया जमानती वारंट
