पीलीभीत: बाढ़ पीड़ित दिल्ली गए और वरुण को सुनाया दुखड़ा, फिर जानिए कैसे की मदद?
पीलीभीत, अमृत विचार। पूरनपुर के चंदिया हजारा में शारदा नदी पर प्रस्तावित चैनेलाइजेशन कार्य के लिए ग्रामीणों की चल रही भूख हड़ताल को लेकर चंदिया हजारा बचाव संघर्ष समिति का एक प्रतिनिधि मंडल शुक्रवार को दिल्ली में भाजपा सांसद वरुण गांधी से मिला।
बिंदुवार क्षेत्र की समस्याओं से अवगत कराया गया। जिसके बाद सांसद ने भारत सरकार के पर्यावरण वन व जलवायु परिवर्तन मंत्रालय की सचिव लीना नंदन से बात कर शीघ्र निराकरण किए जाने का आग्रह किया। सांसद ने केंद्रीय सचिव को तीन अलग-अलग पत्र भी लिखे। सांसद के निर्देश पर उनके निजी सचिव व पीए प्रतिनिधि मंडल को साथ ले जाकर पर्यावरण वन सचिव से मिले और मांग पत्र सौंपे।
केंद्रीय पर्यावरण वन सचिव को लिखे पत्र में भाजपा सांसद ने कहा कि पिछले कई महीनों से चैनेलाइजेशन कार्य शुरू करने के लिए शीघ्र अनुमोदन को पत्र भेज कर आग्रह किया जाता रहा है। मगर अभी तक अनुमोदन प्राप्त नहीं हुआ। जिम्मेदार अधिकारियों ने यदि क्षेत्र की जनता की समस्याओं को गंभीरता से लिया होता तो धरना प्रदर्शन नहीं करना पड़ता। एक माह से अधिक समय से धरना चल रहा है।
वह खुद भी धरना स्थल पर पहुंचे औरग्रामीणों की समस्याओं को समझा। यह भी बताया कि शारदा नदी की बाढ़ से हर साल बड़े पैमाने पर नुकसान होता है। कटान रोकने के लिए यह बहुत जरूरी है कि पुख्ता कार्ययोजना बनाकर शीघ्र इस पर काम किया जाए। अनुमोदन में देरी होने और फिर उसके बाद बरसात आ जाने पर नदी किनारे बसे लोग लाभ से वंचित रह जाएंगे। उन्हें फिर दैवीय आपदा का सामना करना पड़ेगा
। वन सचिव से मुलाकात करने वालों में सांसद सचिव कमलकांत, पीए सागर शाह, चंदिया हजारा क्षेत्र बचाव संघर्ष समिति के वासुदेव प्रधान, मनोज कुमार राय, प्रवीर सरकार, बलजिंदर सिंह बिल्लू, गौरंग मंडल, उमेश कुमार आदि शामिल थे।पर्यावरण सचिव ने प्रतिनिधि मंडल को भरोसा दिलाया कि शीघ्र नेशनल बोर्ड की बैठक में इसे प्राथिमकता से रखकर समस्याओं का समाधान कराएंगी।
तार फेंसिंग को भी लिखा पत्र
भाजपा सांसद ने दूसरे पत्र में कहा कि टाइगर रिजर्व एरिया में सीमाओं पर तार फेंसिंग न होने से आए दिन जंगली जानवरों का सीमाओं से बाहर आकर लोगों पर हमला करना आम बात हो गई है। लगातार जनहानि हो रही है। इसे तत्काल रोकने के लिए सीमाओं पर तार फेंसिंग कराई जाए।
तीसरे पत्र में सांसद ने कहा कि तहसील कली नगर क्षेत्र में ग्राम कीरतपुर से लाहौरी पुल होते हुए ग्राम पचपेड़ा (चूका बाजार) तक कच्ची सड़क जो बराही रेंज के अंतर्गत आती है। वन विभाग द्वारा एनओसी न दिए जाने से इसका निर्माण लटका हुआ है। सड़क बहुत खराब स्थिति में होने के कारण क्षेत्रीय लोगों को परेशानी हो रही। शीघ्र एनओसी उपलब्ध कराए जाने का आग्रह किया।
यह भी पढ़ें- पीलीभीत: सरकारी केंद्रों से लौट रहे किसान, मिलों पर 1800 में बिक रहा धान...अफसर अंजान!
