बरेली: कोर्ट ने तत्कालीन इंस्पेक्टर-हल्का इंचार्ज पर रिपोर्ट दर्ज करने का दिया आदेश, जानिए मामला
बरेली/ नवाबगंज, अमृत विचार। हाफिजगंज थाने में दर्ज मुकदमे में बेटी से न मिलवाने और जानकारी करने पर पिता की पिटाई कर हवालात में बंद करने के मामले में तत्कालीन इंस्पेक्टर चेतराम वर्मा, हल्का इंचार्ज सज्जन सिंह समेत पुलिस कर्मियों पर कोर्ट ने रिपोर्ट दर्ज करने का आदेश दिया है। साथ ही रिपोर्ट 24 घंटे में न्यायालय में प्रस्तुत करने के आदेश दिए हैं। एक युवती को गांव का ही युवक भगाकर ले गया था।
पीड़ित पिता ने पड़ोसी के खिलाफ नामजद तहरीर हाफिजगंज थाने में देकर कार्रवाई की गुहार लगाई। पुलिस ने चुपचाप रिपोर्ट दर्ज कर एफआईआर की कॉपी पीड़ित को नहीं दी। आरोप है कि पुलिस ने उसकी बेटी से भी उसे नहीं मिलवाया। जब पीड़ित ने जानकारी की तो हल्का दरोगा उसे घर से पकड़कर थाने ले गए और हवालात में बंद कर उसकी पिटाई कर छोड़ दिया।
25 अगस्त को वह गांव आया तो आरोपी उसे देखकर मजाक बनाने लगे तो उसने विरोध किया। आरोप है कि हल्का दरोगा के साथ पुलिस कर्मी जीप में भरकर आए और उसके भाई को मारते थाने ले गए और वहां जाकर भी उसके साथ मारपीट की। अगले दिन उसका शांति भंग में चालान कर दिया। भाई ने न्यायालय में चोटों के साक्ष्य सहित न्याय की गुहार लगाई तो सीजेएम बरेली ने तत्कालीन आदेश प्राप्ति के 24 घंटों के अंदर रिपोर्ट दर्ज कर न्यायालय में प्रस्तुत करने के आदेश दिए।
यह भी पढ़ें- Bareilly: अब जुलूूस-ए-गौसिया में भी लगाई गई डीजे पर पाबंदी
