UP: वो दर्द से कराहती रही… फिर भी नहीं पसीजा खाकी का दिल, गर्भवती महिला को जीप से ले आए थाने, VIDEO VIRAL
कानपुर में जीप में दर्द से कराहती गर्भवती का वीडियो वायरल।
कानपुर में जीप में दर्द से कराहती गर्भवती महिला का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा। हालांकि अमृत विचार डॉट कॉम वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।
कानपुर, अमृत विचार। शुक्रवार को कानपुर कमिश्नरेट में दो अलग-अलग घटनाओं के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए। पहला मामला चकेरी थानाक्षेत्र का है जहां पुलिस पर आरोप है कि वह सात माह की गर्भवती महिला को थाने ले आई और घंटो बैठाए रखा।
उसे तकलीफ बढ़ी तो कांशीराम अस्पताल भेज दिया। वहीं दूसरा मामला चौबेपुर थानाक्षेत्र का है जहां एक दरोगा पर घायलों से अभद्रता कर धमकाने का आरोप है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो की अमृत विचार डॉट कॉम पुष्टि नहीं करता है।
चकेरी थाना परिसर में खड़ी पुलिस जीप में बैठे दर्द से कराहती एक महिला का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। वायरल वीडियो के साथ चकेरी पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। आरोप है कि पुलिस सात माह की गर्भवती महिला को गुरुवार सुबह थाने ले आयी और करीब दस घंटे तक बैठाये रखा। मामले में पुलिस द्वारा खंडन जारी किया गया।
एडीसीपी ईस्ट आकाश पटेल ने बताया कि 12 अक्टूबर 2023 को पारिवारिक विवाद की जानकारी मिलने पर चकेरी पुलिस मौके पर गई थी। वहां जानकारी हुई कि घर की बहू प्रियंका सिंह ने अंदर से मकान में ताला बंद कर दिया है जबकि सास गीता देवी ने बाहर से अपना ताला लगा दिया है।
पुलिस द्वारा समझाने पर दोनों पक्ष थाने पर पहुंचे थे। इसी दौरान प्रियंका को दर्द की शिकायत हुई और उन्हें महिला कॉन्स्टेबल कोमल के साथ काशीराम ट्रामा सेंटर उपचार के लिये भेजा गया। महिला के पुलिस जीप में बैठे होने का वीडियो किसी के द्वारा बनाकर वायरल कर दिया गया।
वीडियो की सत्यता छुपाते हुए वायरल किया गया है। पुलिस द्वारा गर्भवती महिला को न तो थाने लाया गया और न ही थाने पर बैठाया गया। अपना पक्ष रखने वह आई थी तभी दर्द हुआ। अस्पताल में वह स्वस्थ्य बताईं गईं जिसके बाद वह स्वतः चली गईं। वीडियो पूरी तरह भ्रामक है।- आकाश पटेल, एडीसीपी पूर्वी
घायल को धमकाते दिखे दरोगा
चौबेपुर पुलिस के दरोगा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। जिसमें दरोगा वर्दी की हनक दिखाते हुए घायलों को धमका रहे हैं। दरोगा के वायरल वीडियो में वह आपबीती सुना रही महिलाओं से कह रहे हैं, तुम्हारे खिलाफ मुकदमा दर्ज करुंगा सब औलादों जेल जाएंगी। जब दरोगा बात कर रहे थे तभी किसी ने पीछे से वीडियो बना लिया। मामले का संज्ञान डीसीपी पूर्वी विजय ढ़ुल द्वारा लिया गया और पूरे प्रकरण की जांच एसीपी बिल्हौर को सौंपी है।
