सुल्तानपुर: धारदार हथियार से बुजुर्ग की हत्या, क्षेत्र में हड़कंप
सुल्तानपुर। जयसिंहपुर, सुलतानपुर, अमृत विचार। जिले की पुलिस अपराध पर अंकुश लगाने नाकाम साबित हो रही है। एक के बाद एक हो रही हत्या से जिला दहल उठा है। दिनदहाड़े अधिवक्ता की गोली मारकर हत्या, फिर चिकित्सक की निर्मम हत्या के बाद अब एक बुजुर्ग का गला काटकर हत्या कर दी गई। पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी है। दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी कर रही है।
गोसाईगंज थाना क्षेत्र के मधुबन गांव निवासी 70 वर्षीय तुलसी राम निषाद शुक्रवार की शाम भोजन के बाद घर से सौ मीटर दूर छुट्टा मवेशियों से फसल की रखवाली के लिए डाले गए छप्पर पर चले गए थे। शनिवार की सुबह परिवार वाले जब खेत की तरफ गए तो तुलसी राम का लहूलुहान शव देख चिल्लाने लगे। आवाज सुन ग्रामीण एकत्रित हो गए।
बुजुर्ग की हत्या की जानकारी मिलते ही गोसाईगंज थानाध्यक्ष आरबी सुमन, सीओ प्रशांत सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक विपुल कुमार श्रीवास्तव ने घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए बुजुर्ग के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, घटनास्थल का डॉग स्क्वायड व फोरेंसिक टीम ने भी निरीक्षण किया है।
मृतक के दो पुत्र राजेश निषाद मुंबई में तो छोटा बेटा रमेश कुमार निषाद ट्रक चालक है। बुर्जुग की पुत्रवधु फूलकली पत्नी सुरेश ने थाने में तहरीर देते हुए बताया कि पड़ोसी मोनू निषाद आए दिन शराब पीकर गाली गलौज देते हुए जान से मारने की धमकी देता था। आरोप है कि शुक्रवार की शाम मोनू व उसके अज्ञात साथी ने घर पर आकर गाली गलौज देते हुए उनके ससुर को जान से मारने की धमकी दी थी। रात में ही उनके ससुर की कुल्हाड़ी से काट कर हत्या कर दी गई।
गोसाईगंज थानाध्यक्ष आरबी सुमन ने बताया कि मृतक के पुत्रवधु की तहरीर पर मोनू व अज्ञात साथी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। बुर्जुग के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। कुछ लोगों से पूछताछ की जा रही है। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।
यह भी पढ़ें:-बहराइच: मैं सुबह नौ बजे से ऑफिस में इंतजार कर रही हूं... कलेक्ट्रेट में सीडीओ और डीआईओएस में हुई बहस, देखें Video
