Accident In UP: Jalaun और Banda में हुए हादसे में दो की मौत, दो घायल, चालक ट्रक लेकर मौके से हो गया फरार
जालौन और बांदा में हुए सड़क हादसों में दो की मौत।
जालौन और बांदा में हुए सड़क हादसों में दो की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर मौके से फरार हो गया। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू की।
कानपुर टीम, अमृत विचार। जालौन और बांदा में हुए सड़क हादसों में दो की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर मौके से फरार हो गया। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने जांच पड़ताल कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। इसके साथ ही घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।
जालौन : ट्रक ने बाइक में पीछे से मारी टक्कर
आटा थाना क्षेत्र में चमारी नाला के पास नेशनल हाईवे फोरलेन पर तेज रफ्तार ट्रक ने आगे जा रही बाइक में पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक सवार उछलकर सड़क पर गिर पड़े। इसमें से एक की मौत हो गई। जबकि महिला समेत दो गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को सूचना पर पहुंची पुलिस ने मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। वहीं दूसरी तरफ पुलिस ने परिजनों को सूचना दी और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
जानकारी के अनुसार कदौरा थाना क्षेत्र के ग्राम ताहरपुर निवासी गोविंद 30 वर्ष, कल्लू 25 वर्ष और संगीता 35 वर्ष बाइक से उरई से अपने गांव जा रहे थे। अभी वह नेशनल हाइवे पर चमारी नाला के पास पहुंचे ही थे कि पीछे से आ रहे ट्रक के चालक ने लापरवाही से तेज रफ्ता ट्रक चलाते हुए बाइक में पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक सवार तीनों उछलकर सड़क पर गिर पड़े।
वहीं कल्लू सड़क पर गिरने के साथ ही ट्रक की चपेट में आ गया। इस वजह से उसकी मौत हो गई। जबकि उसका चचेरा भाई गोविंद और चचेरी बहन गंभीर रूप से घायल हो गई। घायलों को मौके पर पहुंची पुलिस ने राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। मृतक के परिजनों को सूचना दी। जैसे ही यह खबर परिवार को लगी तो वहां चीख पुकार मच गई। परिजनों भागे भागे उरई आए। यहां पर पुलिस ने उनसे पूछताछ की और मृतक का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दूसरी तरफ हादसे के बाद ट्रक चालक ट्रक भगा ले गया।
बांदा : वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत
बुदेलखंड एक्सप्रेस वे के पास वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बिसंडा थाना क्षेत्र के चौंसड़ गांव निवासी रामप्रकाश (30) पुत्र रामनिहोर शुक्रवार शाम अपने साले रामबाबू के साथ घर से घूमने की बात कह कर निकला था। शनिवार की सुबह उसका शव बुदेलखंड एक्सप्रेस-वे के नीचे पड़ा पाया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। उसके पास से मिले मोबाइल नबंर पर घरवालों को सूचना दी गई। मौत की खबर मिलते ही घरवालों में कोहराम मच गया।
मृतक के बड़े भाई अवधेश ने बताया कि वह लखनऊ में रहकर एक दवा कंपनी में काम करता था। वह दो दिन पहले घर आया था। उसकी किसी से रंजिश नही थी। वह तीन भाइयों में दूसरे नबंर का था। अशंका है कि किसी वाहन ने उसे टक्कर मार दिया। जिससे उसकी मौत हो गई। मृतक अपने पीछे पत्नी सहोद्रा के अलावा एक पुत्र छोड़ गया। थानाध्यक्ष बिसंडा श्यामबाबू शुक्ला का कहना है कि मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।
