किच्छा: जमीन बेचने के नाम पर की लाखों की धोखाधड़ी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

किच्छा, अमृत विचार। एक व्यक्ति को जमीन बेचकर लाखों रुपए की धनराशि प्राप्त करने के बाद भी आरोपी भूमि स्वामी ने अन्य लोगों के प्लाट बेचकर धोखाधड़ी कर दी। मामला जानकारी में आने के बाद पीड़ित खरीदार ने कोतवाली पुलिस को लिखित  शिकायत देकर कार्रवाई किए जाने की गुहार लगाई है।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। कोतवाली पुलिस को दी शिकायत में ग्राम गंगापुर, तहसील रुद्रपुर निवासी शकील अहमद खान ने कहा कि उसके द्वारा ग्राम लालपुर निवासी संता सिंह से भूमि की खरीदारी 4 मार्च 2012 में इकरारनामा के माध्यम से की गई थी।

चेक एवं नगद के माध्यम से पीड़ित ने जमीन की पूरी पेमेंट अदा कर दी। आरोप है कि शकील अहमद से पेमेंट लेने के बावजूद खेत स्वामी संता सिंह एवं उसके पुत्र संतोख सिंह ने अधिक पैसा कमाने के लालच में जमीन की प्लाटिंग कर लोगों से पैसे लेने शुरू कर दिए। इसके बाद 23 नवंबर 2021 को गवाहों की मौजूदगी में एक नोटराइज शपथ पत्र बनवाते हुए पूरी धनराशि प्राप्त करने तथा जमीन से कोई लेनदेन न होने की बात अंकित की गई।

आरोप है कि लिखित शपथ पत्र बनवाए जाने के बावजूद संता सिंह एवं उसके पुत्र संतोख सिंह ने नजमा खान, सावित्री सिंह, उजफा बेगम, फिरोज बानो, कमला देवी, रघुवीर सिंह, शादाब खान को अवैध रूप से जमीन बेचकर करीब 44 लाख रुपए प्राप्त कर लिए। पीड़ित में दोनों आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी करने का आरोप लगाते हुए कोतवाली पुलिस से कार्रवाई किए जाने की मांग की है। फिलहाल पुलिस ने शिकायत के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

संबंधित समाचार