पीलीभीत: सामूहिक विवाह... बाजार में छाई महंगाई, दुल्हनों के जेवरों में कटाई, जानिए मामला

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पीलीभीत,अमृत विचार। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना पर महंगाई की मार दिखाई दे रही है। जिसके चलते अब शासन ने  सामूहिक विवाह में दुल्हन को दिए जाने वाले गहनों में कटौती शुरू कर दी है। इस बार होने वाले सामूहिक विवाह में  सिर्फ 30 ग्राम की पायल और 10 ग्राम की बिछिया ही मिलेगी। इस साल तराई की गोद में बसे पीलीभीत में 1200 जोड़ों के विवाह का लक्ष्य रखा गया है।

गरीब की बिटिया को वजनी गहनों से सजाकर उसकी डोली सजाने वाली सामूहिक विवाह योजना पर महंगाई का असर दिखा है। गरीब की बेटियों की शादी का खर्च  तो नहीं बढ़ा।  मगर शासन ने दुल्हनों के चांदी के गहनों का वजन महंगाई की भेंट चढ़ा दिया है।

शादी में अब दुल्हनों को सिर्फ 30 ग्राम की पायल और 10 ग्राम की बिछिया से ही संतोष करना पड़ेगा। जबकि अफसरों का कहना है कि गुणवत्ता बरकरार रखने की खातिर गहनों का वजन कम किया गया है। बता दें कि सामूहिक विवाह योजना के तहत इस वर्ष जनपद में 1200 कन्याओं का विवाह कराने का लक्ष्य तय हुआ है। जिसके लिए आवेदन आना भी शुरू हो गए हैं।  करीब  250 से अधिक आवेदन ऑनलाइन वेबसाइट पर अपलोड कर दिए गए हैं।

 उम्मीद जताई जा रही है कि  नवंबर माह में इस समारोह का भव्य आयोजन किया जाएगा। फिलहाल अभी तारीख निर्धारित नहीं की गई है।  इसमें गरीब परिवारों की बेटियों की शादी कराई जाती है।  योजना के अंतर्गत विवाह करने पर कन्या के खाते में 35 हजार रुपये भेजे जाते हैं। जबकि 10 हजार रुपये के उपहार समेत छह हजार रुपये विवाह के आयोजन पर खर्च होता है।

उपहार में विवाहिताओं को चांदी की पायल एवं सुहाग की निशानी के तौर पर चांदी की बिछिया दी जाती है। हालांकि अभी तक करीब 50 ग्राम वजन की पायल समेत 15 ग्राम वजन की बिछिया दी जाती थी, लेकिन  एक साल में चांदी की कीमत बढ़ने के बाद भी उपहार के 10 हजार रुपये में बढ़ोत्तरी नहीं हुई। इस वजह से इन जेवरों के वजन में कटौती कर दी गई। अब 30 ग्राम की पायल समेत 10 ग्राम वजनी बिछिया दी जाएगी।

यह भी पढ़ें- पीलीभीत: 10 साल पहले लापता अविवाहित की पत्नी बनकर कराया 16 बीघा जमीन का बैनामा, जानिए फिर क्या हुआ?

संबंधित समाचार