बरेली: यूपी में अब याेगी और उनके बुलडोजर के अलावा कोई नहीं- दिनेश शर्मा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बोले- प्रधानमंत्री मोदी के कार्यों का लाभ चुनावों में मिलना तय

बरेली, अमृत विचार। पांच राज्यों में अगले महीने होने जा रहे चुनाव में भाजपा की जीत तय है। केंद्र की कल्याणकारी नीतियों का लाभ इन राज्यों में ही नहीं लोकसभा चुनाव में भी मिलेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने साढ़े नौ साल के कार्यकाल में ऐसे-ऐसे काम किए हैं जो कांग्रेस 70 सालों में नहीं कर पाई। इसलिए आने वाले चुनावों में जनता का आशीर्वाद भाजपा को मिलना तय है।

यह बात रविवार को भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष दिनेश शर्मा ने पवन विहार में बरखेड़ा के पूर्व विधायक किशन लाल राजपूत के आवास पर अमृत विचार से एक विशेष बातचीत में कही। उन्होंने कहा कि यूपी में भी विपक्ष की चुनौतियां खत्म हो चुकी हैं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उनके बुलडोजर के अलावा कुछ नहीं दिख रहा है। गुंडे-माफिया खौफजदा हैं। कांग्रेस को उन्होंने विघटनकारी सोच वाली पार्टी बताया। कहा, उसने हमेशा राष्ट्रवाद को तोड़ा है। राहुल गांधी देश में कुछ नहीं बोल पाते हैं, लेकिन विदेश जाकर अपने देश की बुराई करते हैं। विद्यार्थी परिषद से राजनीति शुरू करने वाले दिनेश क्षेत्रीय संगठन मंत्री के साथ बृज प्रांत के प्रचारक भी रहे हैं।

सवाल: यूपी में अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए क्या सोचते हैं मौजूदा दौर की राजनीति के बारे में ?

जवाब: देखिए, हमने यूपी ही नहीं पंजाब, बिहार, हिमाचल की भी राजनीति को देखा है। हर राज्य में अलग-अलग फैक्टर हाेते हैं, लेकिन सबसे ऊपर राष्ट्रवाद है। प्रधानमंत्री मोदी के कार्यकाल में भारत विश्व पटल पर अलग पहचान बना रहा है, जो देश आंखें तरेरते थे, आज भारत के गले लग रहे हैं।

सवाल: पांच राज्यों में महीने और फिर लोकसभा चुनाव हैं, क्या आश्वस्त हैं ?

जवाब: प्रधानमंत्री मोदी के दो कार्यकाल और यूपी में भी योगी का दोबारा मुख्यमंत्री बनना बताता है कि जनता हमारे काम को पसंद कर रही है। हमारी नीतियां जनकल्याणकारी हैं। पांचों राज्यों में हम चुनाव जीतेंगे। यूपी की सभी 80 सीटों पर भारतीय जनता पार्टी प्रचंड जीत दर्ज कराएगी।

सवाल: विपक्ष यूपी में भी जातिगत जनगणना की मांग कर रहा है ?

जवाब: यूपी में आपको लगता है कि विपक्ष बचा है। कौन सी पार्टी है, जो भाजपा की बराबरी की है। कांग्रेस और बसपा पहले से साफ है। सपा भी साफ हो चुकी है। जनता ने इन्हें नकार दिया है। यूपी में सिर्फ योगी दिखाई दे रहे हैं। विपक्ष को जाति और हमें सर्व समाज की चिंता है। अखिलेश यादव के समय निवेशक गुजरात जाकर निवेश करते थे। आज कानून व्यवस्था अच्छी है तो यूपी में आ रहे हैं।

सवाल : चंडीगढ़ और पंजाब में लंबे समय आप संगठन मंत्री रहे, वहां भाजपा क्यों कमजोर है ?

जवाब: देखिए, हर राज्य के अलग मुद्दे होते हैं। वहां की राजनीति थोड़ी अलग है। कांग्रेस और अकाली दल के लोग भाजपा में शामिल हो रहे हैं। पार्टी पंजाब में मजबूत हो रही है। मेयर हमारा है। पार्षद भी हमारे बने हैं। लोकसभा चुनाव में चंडीगढ़ और पंजाब मिलाकर लोकसभा क्षेत्र की 14 सीटों पर भाजपा जीतेगी।

यह भी पढ़ें- बरेली: सड़क हादसों में महिला समेत तीन लोगों ने गंवाई जान, परिवार में मचा कोहराम

संबंधित समाचार