Fatehpur News: एंटी करप्शन टीम ने लेखपाल को किया गिरफ्तार… जमीन पैमाइश के नाम पर ले रहा था पांच हजार रुपये
फतेहपुर में एंटी करप्शन टीम ने लेखपाल को किया गिरफ्तार।
फतेहपुर में एंटी करप्शन टीम ने लेखपाल को पांच हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार कर लिया। प्रयागराज से आई टीम ने कार्रवाई की।
फतेहपुर, अमृत विचार। जमीन की पैमाइश कराने के नाम पर पांच हजार की रिश्वत लेते हुए एक लेखपाल को प्रयागराज की एंटी करेप्शन टीम ने सोमवार को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। टीम ने पांच हजार रुपया बरामद किया है। आरोपी लेखपाल के खिलाफ कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
मलवां थाना क्षेत्र के आदमपुर गांव निवासी शिव शोभन तिवारी खानपुर हल्के के लेखपाल थरियांव थाना क्षेत्र के चक कोर्रा सादात निवासी प्रमोद कुमार श्रीवास्तव से जमीन की पैमाइश करवाने के लिए मिला था। लेखपाल ने पैमाइश करने के लिए पांच हजार की रिश्वत मांगी। परेशान होकर पीड़ित ने जमीन की पैमाईश कराने पर पांच हजार रुपयों की रिश्वत मांगने की लिखित शिकायत एंटी करप्शन टीम से की।
शिकायत के बाद एंटी करप्शन टीम के इंस्पेक्टर उपेंद्र सिंह यादव, आरक्षी अंकित श्रीवास्तव ने अपनी टीम के साथ सोमवार को ताम्बेश्वर मंदिर के पास से लेखपाल प्रमोद कुमार को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया। टीम आरोपी लेखपाल को लेकर कोतवाली पहुंची। टीम ने लेखपाल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। वही मामला संज्ञान में लेकर डीएम की अनुमति पर अपर जिलाधिकारी ने आरोपी लेखपाल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
