Jalaun News: खेत गई महिला का रक्तरंजित शव फट्टी में लिपटा मिला, शरीर पर मिले चोटों के निशान, पुलिस ने करीबियों को हिरासत में लिया
जालौन में खेत गई महिला का रंक्तरंजित शव फट्टी में लिपटा मिला।
जालौन में खेत गई महिला का रंक्तरंजित शव फट्टी में लिपटा मिला। रविवार को लापता हुई महिला के शरीर पर चोटों के निशान मिले। पुलिस करीबी संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही।
जालौन, अमृत विचार। चुर्खी थाना क्षेत्र के बिनौरा वैद्य गांव के बाहर झाड़ियों में एक महिला का रक्तरंजित शव फट्टी में लिपटा हुआ मिला। माना जा रहा है कि महिला की धारदार हथियार से हत्या की गई है। इस खबर से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और आवश्यक कार्रवाई की। वहीं पुलिस अधीक्षक और फोरेंसिक टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और साक्ष्य एकत्रित किए।
जानकारी के अनुसार बिनौरा वैद्य निवासी गीता देवी 40 वर्ष पत्नी राजन जाटव रविवार को दोपहर खेत पर चारा लेने के लिए गई हुई थी। शाम तक वह वापस नहीं लौटी तो बच्चों ने इस बावत पिता को सूचना दी। पिता ने पत्नी को खोजा और जब नहीं मिली तो पुलिस को सूचना दी। सोमवार को दोपहर के समय गीता का रक्तरंजित शव गांव के बाहर एक खेत में खंती में फट्टी में लिपटा हुआ मिला।
शव देखकर माना गया कि महिला के शरीर पर चोटों के निशान थे और किसी धारदार हथियार से उसकी हत्या की गई है। शव मिलने की खबर से गांव में दहशत फैल गई। सूचना पर पहुंची थाना पुलिस ने घटना के बावत अधिकारियों को दी। महिला की हत्या की खबर पर पुलिस अधीक्षक ईरज राजा भी मौके पर पहुंचे और पूछताछ की।
एसपी के निर्देश पर फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंच गई और साक्ष्य संकलन किया। थानाध्यक्ष अखिलेश द्विवेदी ने बताया कि महिला की किन परिस्थितियों में हत्या की गई है, जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद हकीकत स्पष्ट होगी। संदेह के आधार पर कुछ करीबियों को हिरासत में लिया है।
