अफसरों की मिलीभगत से अधूरे काम पर ग्राम प्रधान ने हड़प लिए ₹8 लाख, तीन सदस्यीय‌ समिति की जांच में हुआ खुलासा 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

गोंडा। जिले के झंझरी ब्लाक के कुंदुरखा गांव में मनरेगा योजना से सड़क पटाई कराने के नाम पर बड़ा घोटाला सामने आया है। ग्राम प्रधान ने मनरेगा के अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी, पंचायत‌ सचिव व तकनीकी सहायक की मिलीभगत से 8 लाख रुपये के काम पर 16 लाख रुपये का भुगतान ले लिया। डीडीओ की अध्यक्षता में गठित तीन सदस्यीय टीम की जांच में  8 लाख रुपये के गबन का खुलासा हुआ है‌।

जांच टीम की संस्तुति पर झंझरी ब्लाक के बीडीओ का अतिरिक्त प्रभार देख रहे डीआरडीए के परियोजना निदेशक ने ग्राम प्रधान व एपीओ समेत पांच लोगों के खिलाफ नगर कोतवाली में गबन की रिपोर्ट दर्ज करायी है। झंझरी ब्लॉक के कुंदुरखा गांव में वित्तीय वर्ष 2022-23 में मनरेगा योजना के तहत पुलिस चौकी कहोबा से शोभाराम के खेत तक नाले की मिट्टी खोदाई का प्रस्ताव कार्ययोजना में शामिल किया गया था। प्रस्तावित कार्य की अनुमानित लागत 18.35 लाख थी गयी थी।

इस धनराशि के सापेक्ष 17.31 लाख रुपये श्रमिकों पर खर्च किए जाने के लिये मस्टर रोल निर्गत करते हुए श्रमिकों के नाम पर 16.75 लाख रुपये का भुगतान निकाल लिया गया। एमआईएस रिपोर्ट में सामग्री मद में भुगतान शून्य होने पर इसकी जांच के लिए जिला विकास अधिकारी सुशील कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में अभियंता ग्रामीण विभाग व सिंचाई विभाग के सरयू नहर खंड चार अधिशाषी अभियंता की तीन सदस्यीय टीम ने जब कार्य का स्थलीय सत्यापन किया तो मौके पर सिर्फ 8 लाख 69 हजार रुपये का कार्य होना पाया गया। जांच रिपोर्ट के मुताबिक 8 लाख 06 हजार रुपये का अधिक भुगतान लेकर उसे आपस में बांट लिया गया। जांच टीम ने अपनी रिपोर्ट डीएम को भेजी थी।

रिपोर्ट के आधार पर डीएम नेहा शर्मा ने ब्लाक के बीडीओ को गबन के दोषियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने का निर्देश दिया था। डीएम के निर्देश पर झंझरी ब्लाक का बीडीओ का अतिरिक्त प्रभार देख रहे परियोजना निदेशक डीआरडीए चंद्रशेखर ने ग्राम प्रधान, रेखा देवी, तत्कालीन पंचायत सचिव प्रसून श्रीवास्तव, तकनीकी सहायक  प्रदीप कुमार चौधरी, ग्राम रोजगार सेवक किशोरी लाल व अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी मनरेगा के खिलाफ नगर कोतवाली में गबन की रिपोर्ट दर्ज करायी है‌। प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार गुप्ता ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।

यह भी पढ़ें: लखनऊ: पूर्व विधायक समेत 22 लोगों के खिलाफ दर्ज हुआ मुकदमा, जमीन कब्जाने का लगा है आरोप

संबंधित समाचार